झुंझुनूं (राजेन्द्र शर्मा झेरली वाला): बाल अधिकार सप्ताह के तहत जिले में बच्चों को उनके अधिकारों और संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। बाल अधिकारिता विभाग की ओर से जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों और राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों को बालश्रम, बाल भिक्षावृत्ति, बाल विवाह और बाल शोषण के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के जिला परियोजना समन्वयक महेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अधिकार है। बालश्रम और बाल विवाह बच्चों के भविष्य एवं सर्वांगीण विकास में बाधक हैं। कम उम्र में विवाह से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और मानसिक एवं शारीरिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी देते हुए बताया कि यह जरूरतमंद और संकटग्रस्त बच्चों की सहायता का महत्वपूर्ण माध्यम है। किसी बच्चे के साथ दुर्व्यवहार, बालश्रम, बाल विवाह, बाल भिक्षावृत्ति या शोषण की जानकारी मिलने पर 1098 पर सूचना दी जा सकती है, ताकि समय पर बच्चे को सहायता और संरक्षण मिल सके। जिले के गोसाइयों की ढाणी, राजीव नगर, दड़िया का बास, बादलवास, शेखावाटी ग्रामीण पब्लिक स्कूल एवं अंबेडकर नगर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी तरह के शोषण की स्थिति में चुप नहीं रहने की समझाइश दी गई। कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन के काउंसलर अरविंद कुमार, केस वर्कर नरेंद्र सिंह भाटी एवं नवीन, शेखावाटी ग्रामीण पब्लिक स्कूल के प्रिंसिपल सुरेश चाहर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में बच्चे मौजूद रहे।
बाल अधिकार सप्ताह: बच्चों को बताया- बालश्रम करवाना और बाल विवाह कराना अपराध
By -
November 17, 2026
0
Tags: