आत्मरक्षा के साथ कानूनी अधिकारों की जानकारी भी जरूरी, छात्राओं को किया जागरूक

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): राजकीय महाविद्यालय में संचालित रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाने के साथ उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की भी जानकारी दी गई। शिविर में महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों पर विशेष चर्चा कर छात्राओं को जागरूक एवं सशक्त बनने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अधिवक्ता शिप्रा शर्मा ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं के लिए शारीरिक आत्मरक्षा के साथ कानूनी अधिकारों की जानकारी होना भी बेहद आवश्यक है। जागरूकता ही अन्याय और शोषण के विरुद्ध सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम संबंधी कानून, साइबर अपराधों से बचाव तथा पुलिस हेल्पलाइन नंबरों के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, शोषण अथवा अन्याय को चुपचाप सहन करने के बजाय निडर होकर उसके खिलाफ आवाज उठाएं और जरूरत पड़ने पर कानूनी सहायता प्राप्त करें। कार्यक्रम संयोजक प्रोफेसर उषा बागड़ी ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर छात्राओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे छात्राएं स्वयं को अधिक सुरक्षित महसूस करने के साथ विपरीत परिस्थितियों का साहसपूर्वक सामना करने में सक्षम बनती हैं। सह संयोजक डॉ.सोना अग्रवाल ने शिविर की आगामी गतिविधियों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं। छात्राओं ने अधिवक्ता शिप्रा शर्मा से महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों से जुड़े सवाल पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!