रानीवाड़ा/जालौर: धानोल ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर माधुरी कोली ने दूसरी बार शानदार जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक सक्रियता और जनाधार को एक बार फिर साबित किया है। वर्ष 2015 में महिला आरक्षित सीट से सरपंच निर्वाचित हुई माधुरी कोली ने इस बार सामान्य सीट से चुनाव मैदान में उतरकर जीत हासिल की। सामान्य सीट पर उनकी जीत को ग्रामीणों के विश्वास और समर्थन की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। उनकी जीत के बाद पूरे धानोल गांव में खुशी, उत्साह और उल्लास का माहौल छा गया। गुरुवार को माधुरी कोली की जीत की खुशी में गांव में जश्न का माहौल देखने को मिला। समर्थकों एवं ग्रामीणों ने जगह-जगह उनका स्वागत कर बधाइयां दीं। इस अवसर पर उनके निवास स्थान पर भव्य स्वागत समारोह एवं स्नेहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें छत्तीस कौम के महिला-पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति से समारोह में उत्सव जैसा माहौल बन गया। स्वागत समारोह के दौरान ग्रामीणों ने माधुरी कोली को साफा एवं मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया तथा दूसरी बार सरपंच निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं दीं। समारोह में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। विभिन्न समाजों के लोगों की एकजुट उपस्थिति ने गांव की सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और सामूहिक एकता की सुंदर तस्वीर पेश की।इस अवसर पर नवनिर्वाचित सरपंच माधुरी कोली ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि धानोल ग्राम पंचायत के समस्त ग्रामीणों के विश्वास और सहयोग की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांव के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आमजन की समस्याओं का समाधान करवाने, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने तथा प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्य करवाने के लिए पूरी निष्ठा से प्रयास करेंगी।माधुरी कोली की दूसरी बार जीत और विशेष रूप से सामान्य सीट पर मिली सफलता से समर्थकों में खासा उत्साह है। गांव में आयोजित स्वागत समारोह ने इस जीत को यादगार बना दिया।
सामान्य सीट पर दूसरी बार सरपंच बनीं माधुरी कोली, धानोल में जीत का जश्न; स्वागत समारोह में उमड़ा जनसैलाब
By -
November 19, 2026
0
Tags: