किलवा धाम में भक्ति की बही अविरल धारा, आज 16 तुलसियों का होगा भव्य विवाह

AYUSH ANTIMA
By -
0



रानीवाड़ा/जालौर: वीर शिरोमणि रूपाजी धाम किलवा में चार दिवसीय भव्य तुलसी विवाह महोत्सव एवं चातुर्मास पूर्णाहुति समारोह धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। महोत्सव के तहत बुधवार को धार्मिक अनुष्ठानों के साथ शुभारंभ हुआ, वहीं गुरुवार को विशाल भजन संध्या में भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। महोत्सव में शामिल होने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।वीर शिरोमणि रूपाजी फाउंडेशन, समस्त आंजणा, कलबी एवं पटेल समाज तथा किलवा निवासी सर्व समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में साध्वी भगवती बाई (पीठाधीश्वर, श्री राजेश्वर भगवान अन्नपूर्णा आंजणी माता धाम पीठ, चेंडा, पाली) एवं जीवाणा-किलवा मठाधीश रतनगिरी महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त हो रहा है। यज्ञाचार्य पंडित पुरंदर विजयराम व्यास (राज जोशी) के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं।

*भजन संध्या में कलाकारों ने बांधा समां*

महोत्सव के दूसरे दिन गुरुवार को विष्णु यज्ञ एवं भोजन प्रसादी का आयोजन हुआ। रात्रि में आयोजित विशाल भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन कलाकार सांवलाराम आहोर, चेतना चौधरी, लोक साहित्यकार वशराम चौधरी (चैहर धोरु), गुजरात के लोक भजन कलाकार शिवराम एवं महेंद्र चौधरी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते रहे। रात्रि जागरण के दौरान 16 तुलसी बाइयों के मायरे एवं विभिन्न प्रसादियों के भामाशाहों की बोलियां भी लगाई गईं।

*आज होंगे 16 तुलसी विवाह, चातुर्मास की पूर्णाहुति*

देव प्रबोधिनी एकादशी के पावन अवसर पर आज शुक्रवार को प्रातः 8 बजे यज्ञ एवं चातुर्मास पूर्णाहुति होगी। इसके बाद सुबह 9:15 बजे शुभ मुहूर्त में 16 तुलसी विवाह का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस दौरान साध्वी भगवती बाई के प्रवचन होंगे तथा सुबह 10 बजे से महाप्रसाद वितरण किया जाएगा।समारोह का एक विशेष आकर्षण वीर शिरोमणि रूपाजी के जीवन परिचय एवं ऐतिहासिक कार्यों पर आधारित पुस्तक का विमोचन रहेगा। वहीं किलवा धाम में प्रस्तावित रूपाजी स्मारक की भव्य परिकल्पना एवं विस्तृत जानकारी एलईडी स्क्रीन पर 3D वीडियो के माध्यम से प्रदर्शित की जाएगी।

*21 नवंबर को होगा महोत्सव का समापन*

शनिवार, 21 नवंबर को महोत्सव के समापन अवसर पर प्रातः 9 बजे रतनगिरी महाराज को गाजे-बाजे, डीजे एवं वाहनों के भव्य काफिले के साथ जीवाणा के लिए मंगलमय विदाई दी जाएगी। आयोजक मंडल एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं से सपरिवार महोत्सव में भाग लेकर धार्मिक आयोजनों का लाभ उठाने की अपील की है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!