देवउठनी एकादशी पर गूंजेगी शहनाई, सैकड़ों जोड़े बंधेंगे विवाह बंधन में

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): शहर सहित ग्रामीण अंचल में शुक्रवार को देवउठनी एकादशी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान विष्णु सहित देवी-देवताओं को जगाने की परंपरा निभाई जाएगी। देवउठनी एकादशी को लेकर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक उत्साह का माहौल बना हुआ है। परंपरा के अनुसार महिलाएं छोटी दीपावली के रूप में मनाए जाने वाले इस पर्व पर घरों के बाहर घी के दीपक जलाकर पूजा-अर्चना करेंगी। वहीं मंदिरों में दीपावली की तर्ज पर आकर्षक रोशनी, रंगोलियां और विशेष सजावट की जाएगी। इस दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन भी होगा। देवउठनी एकादशी के साथ ही पिछले चार माह से बंद पड़े मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी। इसके चलते शुक्रवार को उपखंड क्षेत्र में सैकड़ों विवाह समारोह आयोजित होंगे और शादी समारोहों में शहनाइयों की गूंज सुनाई देगी। विवाह आयोजनों को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। कपड़ों, आभूषणों, बर्तनों और शादी-विवाह से जुड़ी सामग्री की जमकर खरीदारी हो रही है, जिससे व्यापारियों के कारोबार में तेजी आई है। वहीं विवाह समारोहों में शामिल होने के लिए मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू होने से शहर में चहल-पहल बढ़ गई है। घरों में विवाह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। देवउठनी एकादशी के साथ ही एक बार फिर शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में मांगलिक आयोजनों की धूम शुरू होने जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!