एक बीघा सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश, रातों-रात खोदी नींव और खड़ी करने लगा दीवारें

AYUSH ANTIMA
By -
0


टोंक (लालचंद माली): जिले के आवां कस्बे में करीब एक बीघा बेशकीमती सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। अतिक्रमी ने रातों-रात जमीन पर नींव खोदकर पक्का निर्माण शुरू कर दिया और तेजी से दीवारें खड़ी करने लगा। सूचना पर रविवार सुबह तहसीलदार अजय पांडे पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया। साथ ही अतिक्रमी को दोबारा कब्जे का प्रयास करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।
तहसीलदार अजय पांडे ने बताया कि सरदारपुरा रोड के पास करीब एक बीघा सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। मौके पर जांच के दौरान सरकारी भूमि पर निर्माण कार्य होता मिला। राजस्व रिकॉर्ड में जमीन सरकारी दर्ज होने की पुष्टि के बाद निर्माण कार्य बंद करवा दिया गया। मौके पर मजदूर भी निर्माण करते मिले। इस मामले में सरपंच शोभा भारद्वाज ने भी प्रशासन को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की थी। तहसीलदार ने अतिक्रमी भागचंद गोयल को लिखित में पाबंद करते हुए स्पष्ट किया कि दोबारा निर्माण या किसी तरह की गतिविधि करने पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अतिक्रमी को कारण बताओ नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। तहसीलदार ने हल्का पटवारी और गिरदावर को क्षेत्र की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं, ताकि पंचायत चुनाव प्रक्रिया के दौरान सरकारी जमीन पर दोबारा अतिक्रमण नहीं हो सके।
Tags:

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!