पीपलू (लालचंद माली): उपखंड क्षेत्र के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मासी बांध की नहर खोल दी गई है। इससे क्षेत्र के 29 गांवों की करीब 27 हजार 940 बीघा कृषि भूमि को रबी फसलों की सिंचाई के लिए पानी मिलने की उम्मीद जगी है। नहर में पानी की आवक शुरू होने से किसानों के चेहरों पर खुशी है। हालांकि, नहरों और माइनरों की बदहाल स्थिति किसानों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। जानकारी के अनुसार मासी बांध की मुख्य नहर से नौ माइनर नहरें निकलती हैं, जिनके माध्यम से अलग-अलग गांवों के खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचाया जाता है। इन नहरों के जरिए अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाना है, ताकि सभी किसानों को सिंचाई का लाभ मिल सके।
*सरसों, गेहूं और चने की फसलों को मिलेगा जीवनदान*
नहर में पानी छोड़े जाने से रबी की प्रमुख फसलों सरसों, गेहूं और चने की सिंचाई में राहत मिलेगी। किसानों का कहना है कि समय पर सिंचाई का पानी मिलने से फसलों की बढ़वार अच्छी होगी और उत्पादन में भी सुधार आने की उम्मीद है। खासकर उन किसानों को फायदा होगा, जो सिंचाई के लिए नहर के पानी पर निर्भर हैं।
*माइनरों में मिट्टी और झाड़ियों का अंबार, पानी पहुंचने पर सवाल*
एक ओर नहर खुलने से किसानों में उत्साह है, वहीं दूसरी ओर माइनर नहरों की सफाई नहीं होने से चिंता भी बढ़ गई है। स्थानीय किसानों और ग्रामीणों का कहना है कि कई नहरों और माइनरों में मिट्टी के ढेर जमा हैं तथा बबूल की झाड़ियां उग आई हैं। ऐसे में पानी छोड़े जाने के बावजूद अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी पहुंचने को लेकर संशय बना हुआ है। किसानों ने नहरों में मिट्टी और झाड़ियों की सफाई कराने की आवश्यकता जताते हुए कहा कि समय रहते व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो पानी के प्रवाह में बाधा आ सकती है। साथ ही नहरों में कटाव और खेतों में जलभराव की आशंका भी बनी हुई है। किसानों की मांग है कि संबंधित विभाग नहरों और सभी नौ माइनरों का निरीक्षण कर सफाई एवं मरम्मत सुनिश्चित करे, ताकि 29 गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी का पूरा लाभ मिल सके।