आज खुलेगा प्रत्याशियों की किस्मत का पिटारा, मतगणना से पहले तेज हुई बाड़ेबंदी

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): पंचायतीराज चुनाव के तहत पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य पदों के प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला शुक्रवार को होगा। मतगणना की घड़ी नजदीक आते ही प्रत्याशियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। छह दिनों से कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में बंद ईवीएम मशीनें शुक्रवार को खुलेंगी और इसके साथ ही ग्रामीण राजनीति की तस्वीर साफ होने लगेगी। 14 नवंबर को मतदान संपन्न होने के बाद से ही प्रत्याशी और उनके समर्थक चुनाव परिणामों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। वहीं, संभावित चुनावी समीकरणों और जीत-हार के आकलन के बीच कई प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ बाड़ेबंदी कर रखी है। मतगणना के बाद स्पष्ट होगा कि किस प्रत्याशी के सिर जीत का ताज सजेगा और किसके राजनीतिक अरमानों पर पानी फिरेगा। परिणामों के साथ ही क्षेत्र की राजनीति में नए समीकरण बनने की भी संभावना है। निर्वाचन अधिकारी गंभीर सिंह ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य पदों के लिए 20 नवंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। प्रशासन ने मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था भी पुख्ता की गई है।

*मतगणना के बाद शुरू होगा सत्ता के चयन का दौर*

पंचायतीराज चुनाव की मतगणना के बाद अब जिला एवं पंचायत समिति स्तर पर सत्ता के गठन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 25 नवंबर को जिला प्रमुख तथा 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का निर्वाचन होगा। इसी प्रकार 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान और 28 नवंबर को उप प्रधान के चुनाव कराए जाएंगे। ऐसे में शुक्रवार की मतगणना केवल प्रत्याशियों की जीत-हार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि आगामी जिला प्रमुख और प्रधान के चुनावों के लिए भी राजनीतिक बिसात तैयार करेगी। अब सभी की निगाहें ईवीएम खुलने और चुनाव परिणामों पर टिकी हुई हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!