पल्स पोलियो अभियान रविवार को, पांच वर्ष तक के बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

AYUSH ANTIMA
By -
0


लक्ष्मणगढ़ (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार, 22 नवंबर को क्षेत्र में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत जन्म से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाई जाएंगी। प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ.अटल भास्कर ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं की गई हैं। निर्धारित पोलियो बूथों पर स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें तैनात रहेंगी, जहां बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त बूथ दिवस के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को भी पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करेंगी। डॉ.भास्कर ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर अवश्य लेकर आएं। साथ ही परिवार, पड़ोस एवं आसपास रहने वाले बच्चों के अभिभावकों को भी जागरूक एवं प्रेरित करें। पूर्व में नियमित टीकाकरण अथवा पिछले अभियानों में पोलियो की खुराक ले चुके बच्चों को भी इस अभियान के दौरान खुराक अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे तक वैक्सीन पहुंचना आवश्यक है। अभियान की सफलता में स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ आमजन की सक्रिय सहभागिता भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों एवं सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आह्वान किया। डॉ.भास्कर ने कहा कि हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र का कोई भी पांच वर्ष तक का बच्चा पोलियो की दो बूंद पीने से वंचित न रहे। प्रत्येक अभिभावक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!