खेतड़ी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): खेतड़ी के सिंघाना थाना क्षेत्र में गाड़ाखेड़ा के पास देर रात वैगनआर कार और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार 17 वर्षीय दिवेश की मौत हो गई, जबकि अनिल और तनुज गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है। ग्रामीण संजय भूरिया के अनुसार, माकड़ो निवासी दिवेश (17) पुत्र अमीचंद, अनिल (19) पुत्र विजय सिंह और तनुज (18) पुत्र कमलेश कुमार बाइक से अपने गांव माकड़ो से चिड़ावा के अडूका गांव में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। गाड़ाखेड़ा से लालचौक के बीच उनकी बाइक की वैगनआर कार से टक्कर हो गई, जिससे तीनों युवक घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को चिड़ावा के राजकीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को झुंझुनूं रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने दिवेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत के चलते अनिल और तनुज को जयपुर रेफर किया गया। घटना की सूचना पर परिजन अस्पताल पहुंचे। तीनों युवक पढ़ाई करते हैं। दिवेश के पिता अमीचंद मजदूरी करते हैं। सूचना मिलने पर सिंघाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। हादसे में बाइक और वैगनआर कार क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
शादी समारोह में जा रहे तीन युवकों की बाइक कार से टकराई, एक की मौत, दो जयपुर रेफर
By -
November 21, 2026
0
Tags: