निवाई (लालचंद माली): श्री बद्रीनाथ धाम नटवाड़ा में आयोजित शीतकालीन दर्शन महोत्सव में सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हरभांवता आश्रम के महामंडलेश्वर बालकानंद महाराज के सानिध्य में पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर महाआरती की। महोत्सव के दौरान भगवान बद्रीनाथ का अभिषेक, पूजन, अलौकिक श्रृंगार एवं दिव्य दर्शन हुए। इसके बाद संगीतमय सुंदरकांड पाठ और सायंकाल महाआरती आयोजित की गई। भगवान को छप्पन भोग अर्पित कर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। इस दौरान मंदिर परिसर भगवान बद्रीनाथ के जयकारों से गूंज उठा। ट्रस्ट अध्यक्ष नाथूलाल शर्मा ने बताया कि उत्तराखंड स्थित श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट शीतकाल में छह माह बंद रहने के दौरान श्रद्धालुओं के लिए नटवाड़ा धाम में दर्शन की विशेष व्यवस्था रहती है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को दोपहर 12:15 बजे रामधुनी मंडलियों द्वारा भजन-कीर्तन एवं सत्संग, 3:30 बजे महाप्रसादी तथा रात्रि 8:15 बजे विशाल भजन संध्या आयोजित होगी। इस अवसर पर ट्रस्ट उपाध्यक्ष बद्री विजय, कोषाध्यक्ष भंवरलाल जाट, ट्रस्टी हनुमान प्रसाद, महेंद्र, बबलेश विजय एवं रामकिशोर सहित अनेक पदाधिकारी और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
बद्रीनाथ धाम नटवाड़ा में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, छप्पन भोग की प्रसादी पाकर धन्य हुए श्रद्धालु
By -
November 16, 2026
0
Tags: