निवाई (लालचंद माली): अखिल भारतीय विजयवर्गीय वैश्य महासभा के तत्वावधान में मॉडल स्कूल के पीछे स्थित विजयवर्गीय छात्रावास में दीपावली स्नेह मिलन समारोह एवं अन्नकूट महोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। समारोह में समाजबंधुओं ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सामाजिक एकता, भाईचारे और संगठन की मजबूती का संकल्प लिया।समाज अध्यक्ष जितेंद्र विजय ने बताया कि समारोह का मुख्य उद्देश्य समाज के सभी परिवारों को एक मंच पर लाकर आपसी मेलजोल बढ़ाना, सामाजिक समरसता को मजबूत करना तथा भावी पीढ़ी के हित में विजयवर्गीय छात्रावास निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्यों को गति प्रदान करना है। समारोह का शुभारंभ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश विजयवर्गीय थली वाले एवं प्रदेश अध्यक्ष द्वारका प्रसाद विजयवर्गीय ने रामचरण महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष राकेश विजयवर्गीय ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, आपसी विश्वास और सहयोग की भावना में निहित होती है। समाज के सभी परिवारों को आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा समाज के विकास में यथासंभव योगदान देने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष द्वारका प्रसाद विजयवर्गीय ने भी संगठन की मजबूती और सामूहिक प्रयासों को समाज के सर्वांगीण विकास का आधार बताते हुए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया। समारोह में विजयवर्गीय छात्रावास के निर्माण एवं विकास को लेकर विशेष चर्चा की गई। इस दौरान निर्माण कार्य की प्रगति, आगामी कार्ययोजना और आवश्यक व्यवस्थाओं पर विचार-विमर्श हुआ। समाज अध्यक्ष जितेंद्र विजय ने कहा कि छात्रावास का निर्माण केवल एक भवन तैयार करना नहीं, बल्कि समाज की भावी पीढ़ी के शैक्षणिक और सामाजिक भविष्य को मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने समाजबंधुओं से इस पुनीत कार्य में तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए आवश्यक नहीं कि प्रत्येक व्यक्ति बड़ा आर्थिक सहयोग करे, बल्कि हर परिवार अपनी सामर्थ्य के अनुसार छोटा-बड़ा योगदान देकर इस सामूहिक अभियान का हिस्सा बन सकता है। समारोह के समापन पर भगवान को अन्नकूट का भोग लगाकर श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसादी वितरित की गई। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक एकता और संगठन की मजबूती का संदेश दिया। इस अवसर पर मुरलीधर विजयवर्गीय, राजेंद्र विजयवर्गीय, शिवप्रसाद विजय, कमलेश विजयवर्गीय, रवि विजय, रामबाबू विजय, कन्हैया लाल विजयवर्गीय, नाथूलाल विजयवर्गीय, गणेश विजयवर्गीय, रामराय विजयवर्गीय, रविकांत विजयवर्गीय, बृजेंद्र विजय, रमेश विजय एवं कैलाशचंद सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
विजयवर्गीय समाज ने दीपावली स्नेह मिलन में दिया एकजुटता का संदेश, छात्रावास निर्माण को गति देने का लिया संकल्प
By -
November 16, 2026
0
Tags: