जयपुर में अंतरराष्ट्रीय सिनेमा का नया मंच, पांच देशों तक पहुंचा कलरफ्यूज़न फिल्म महोत्सव का आमंत्रण

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर: राजस्थान की कला, संस्कृति, विरासत और कहानियों को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के मंच से जोड़ने की पहल के तहत जयपुर में कलरफ्यूज़न अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित होगा। दृश् सीने प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड के तत्वावधान में होने वाले इस दो दिवसीय महोत्सव की थीम ‘स्टोरीज बियॉन्ड बॉर्डर्स’ रखी गई है, जिसके जरिए विभिन्न देशों की फिल्में, सांस्कृतिक विविधता और रचनात्मक विचारों को साझा मंच देने की तैयारी है। महोत्सव के पहले संस्करण में स्पेन, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील और ग्रीस को आमंत्रित किया गया है। इनमें से दो देशों को अंतरराष्ट्रीय साझेदार के रूप में जोड़ा जाएगा। आयोजन में राजस्थान के तीन प्रमुख राजघरानों की सहभागिता भी प्रस्तावित है, जिससे प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत और वैश्विक सिनेमा के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव को नई पहचान मिलने की उम्मीद है।महोत्सव के संस्थापक निदेशक तपेश कोटिया के अनुसार, राजस्थान अपनी स्थापत्य कला, परंपराओं, लोक संस्कृति और ऐतिहासिक कहानियों के लिए विश्वभर में विशिष्ट पहचान रखता है। इस आयोजन का उद्देश्य राजस्थान को अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत और सांस्कृतिक संवाद के एक प्रभावी केंद्र के रूप में प्रस्तुत करना है। सिनेमा विभिन्न देशों, समाजों और विचारों को जोड़ने का माध्यम है तथा इसी सोच के साथ सीमाओं से परे कहानियों को मंच देने की पहल की गई है। आठ सदस्यीय सलाहकार समिति के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले महोत्सव में मनीषा देसाई निदेशक और टीना शर्मा कार्यकारी निदेशक की जिम्मेदारी निभाएंगी। आयोजन के पहले दिन फिल्म एवं मनोरंजन जगत की हस्तियों के साथ संवाद सत्र होंगे, जिनमें सिनेमा, कहानी कहने की कला और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे विषयों पर चर्चा होगी। शाम को कला, संस्कृति और बौद्धिक जगत से जुड़े लोगों के लिए विशेष मिलन समारोह भी प्रस्तावित है, जिसमें सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सहभोज के जरिए आपसी संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। दूसरे दिन संवाद कार्यक्रम के बाद निर्णायक मंडल द्वारा चयनित फिल्मों को सम्मानित किया जाएगा। महोत्सव में विभिन्न विषयों की फिल्मों के लिए आठ श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। फिल्म निर्माता अपनी प्रविष्टियां ऑनलाइन फिल्म मंच अथवा सीधे आयोजन समिति के माध्यम से भेज सकेंगे। फिल्मों की प्रविष्टि, नियमावली और अन्य विस्तृत जानकारी आयोजन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।कलर फ्यूज़न अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को विश्व पटल पर पहुंचाने, फिल्म निर्माताओं को अवसर देने और अलग-अलग देशों की कहानियों के बीच रचनात्मक साझेदारी विकसित करने की दिशा में एक नई पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!