प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमिताभ बच्चन से प्रशंसित साहित्यकार डॉ.दिनेश कंडेरा को मिला समाज रत्न सम्मान

AYUSH ANTIMA
By -
0



नई दिल्ली (योगेन्द्र कंडेरा): साहित्य की साधना, शब्दों की शक्ति और मानवीय संवेदनाओं को अपनी लेखनी में उतारने वाले अलवर जिले के सकट ग्राम निवासी सुप्रसिद्ध कवि एवं साहित्यकार डॉ.दिनेश कुमार कंडेरा को नई दिल्ली के प्रतिष्ठित हिन्दी भवन ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में समाज रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया। साहित्य सृजन, काव्य साधना और मानव सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए प्रदान किए गए इस सम्मान से सकट ग्राम सहित समूचे कंडेरा राजपूत समाज में गौरव और उत्साह का वातावरण है। प्रगतिशील करन समाज सेवा दल, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से हजारों समाज बंधुओं, राष्ट्रीय पदाधिकारियों, साहित्य प्रेमियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। समारोह में कंडेरे कर्ण राजपूत समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष लटूर लाल सासना ने डॉ.दिनेश कुमार कंडेरा को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। इस राष्ट्रीय आयोजन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों, कवियों एवं साहित्यकारों की श्रेणी में डॉ.दिनेश कुमार कंडेरा का नाम प्रमुखता से शामिल रहा। डॉ.दिनेश कंडेरा चिकित्सा विभाग, राजस्थान सरकार में कार्यरत है, जिनको उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा एवं समाज सेवा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रशंशा पत्र भेजा गया है। उनकी कविताओं एवं साहित्यिक रचनाओं की प्रशंसा देश के हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन द्वारा भी की जा चुकी है।



*देशभक्ति कविता पाठ से गूंजा राष्ट्रप्रेम का स्वर*


समारोह में डॉ.कंडेरा ने अपनी ओजस्वी देशभक्ति कविताएं "पीड़ा का गायन" और "भारत माता की जय" का प्रभावशाली पाठ किया। राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय चेतना और भावनात्मक अभिव्यक्ति से ओतप्रोत उनकी काव्य प्रस्तुति ने श्रोताओं में विशेष उत्साह का संचार किया। उनकी सशक्त शब्दावली और प्रभावपूर्ण प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।


*'धूप की सलवटें' ने खींचा साहित्य प्रेमियों का ध्यान*


डॉ.दिनेश कुमार कंडेरा की हाल ही में प्रकाशित पुस्तक 'धूप की सलवटें' समारोह में विशेष चर्चा का विषय रही। उन्होंने पुस्तक की प्रतियां राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों को भेंट की। इसके साथ ही उन्होंने अपनी पूर्व प्रकाशित पुस्तकों 'खून और पानी' तथा 'खामोश पेड़' के बारे में भी जानकारी साझा की। उनकी साहित्यिक कृतियों में सामाजिक यथार्थ, मानवीय संवेदनाओं और जीवन के विविध अनुभवों की सशक्त अभिव्यक्ति देखने को मिलती है।

*साहित्य के साथ मानव सेवा में भी अग्रणी*

डॉ.कंडेरा का व्यक्तित्व केवल साहित्य सृजन तक सीमित नहीं है। वर्तमान में राजस्थान प्रांत की समाजिक कार्यकारिणी में संगठन सचिव के पद पर रहकर समाज सेवा कर रहे हैं और सामाजिक सरोकारों से भी जुड़े हुए हैं। उनकी कविताएं समाज में सकारात्मक सोच, राष्ट्रप्रेम, मानवीय मूल्यों और सामाजिक जागरूकता का संदेश देती हैं।

*देशभर के गणमान्य व्यक्तियों की रही उपस्थिति*

समारोह में डॉ.तारावती, फिल्म निर्देशक एवं निर्माता हितेश सोलंकी, रामकिशन कर्ण, सुरेश कर्णवंशी, शिवकुमार, सत्यप्रकाश, बसंत शास्त्री सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजन में साहित्य, शिक्षा, कला और समाज सेवा से जुड़ी प्रतिभाओं को सम्मानित कर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का संदेश दिया गया।


*सकट की साहित्यिक प्रतिभा का राष्ट्रीय सम्मान*

डॉ.दिनेश कुमार कंडेरा को मिला समाज रत्न सम्मान सकट ग्राम और संपूर्ण कंडेरा राजपूत समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं महानायक अमिताभ बच्चन द्वारा उनकी कविताओं की प्रशंसा, उनकी प्रकाशित पुस्तकें और राष्ट्रीय स्तर पर साहित्यकार के रूप में मिली पहचान उनकी साहित्यिक यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं। उनकी उपलब्धियां नई पीढ़ी के रचनाकारों को साहित्य, समाज सेवा और राष्ट्रप्रेम के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!