श्रद्धांजलि वाला स्टेटस (व्यंग्य लेख): प्रो. (डॉ.) मधुमुकुल चतुर्वेदी

AYUSH ANTIMA
By -
0

 

पहले अतिथि सत्कार होता था, अब श्रद्धांजलि सत्कार भी होता है। आदमी जीवित है, तब तक उसका कोई महत्व नहीं। मोहल्ले में बीमार पड़ा है, कोई पूछने नहीं जाएगा। व्हाट्सएप पर "कैसे हो" लिखने में भी डेटा खर्च होता है लेकिन जैसे ही उसका देवलोक गमन हुआ, वही आदमी अचानक महान हो जाता है।

*अब शुरू होता है - श्रद्धांजलि वाला स्टेटस*

सबसे पहले खबर आती है। किसी ने लिखा-"अत्यंत दुख के साथ सूचित करना पड़ रहा है।" बस, फिर क्या था। शोक की सुनामी आ जाती है। जिन्होंने मरने वाले को जीवन भर "अरे वो" कहकर बुलाया था, वे लिखते हैं-"मेरे हृदय के सबसे करीब थे।" जिनसे दो साल से बात बंद थी, वे लिखते हैं-"अपूरणीय क्षति। व्यक्तिगत क्षति।" जिनसे उधारी ले रखी थी, वे लिखते हैं-"आज स्तब्ध हूँ। विश्वास नहीं हो रहा।" और फोटो, फोटो तो ऐसा ढूंढकर लाते हैं, जैसे फिल्मफेयर अवार्ड जीतना हो। खुद की फोटो में मरने वाले को कोने में टैग कर देंगे। कैप्शन होगा-"यादों में।" चेहरा ऐसा बनाएंगे, जैसे अभी-अभी रोए हैं, पर फिल्टर ऐसा लगाएंगे जैसे प्री-वेडिंग शूट हो।

*इस श्रद्धांजलि इंडस्ट्री के कुछ तय नियम हैं*

* नियम नंबर 1: शोक जितना बड़ा दिखाना है, शब्द उतने ही भारी होने चाहिए। "दुख हुआ" कहना ओल्ड फैशन है। कहना होगा-"मन व्यथित है, आत्मा झकझोर गई है, हृदय विदीर्ण हो गया है।"
* नियम नंबर 2: श्रद्धांजलि में टाइमिंग बहुत जरूरी है। सबसे पहले लिख दिया तो आप सबसे करीबी। दो घंटे बाद लिखा तो आप औपचारिक। अगले दिन लिखा तो आपने कॉपी पेस्ट किया है। इसलिए लोग मरने वाले के घर जाने से पहले स्टेटस लगाते हैं। घर वाले रो रहे होते हैं, ये फोटो खिंचवा रहे होते हैं-"अंतिम दर्शन।"
* नियम नंबर 3: श्रद्धांजलि में शायरी अनिवार्य है।
"तू चला गया, महफ़िल सूनी कर गया।" भाई साहब, महफ़िल तो तब सूनी थी जब वो जिंदा था और आप उसकी महफ़िल में गए ही नहीं। एक नया चलन और आया है-आरआईपी वाला अंग्रेजी शोक। हिंदी में बात नहीं होती थी, अब अंग्रेजी में आत्मा को शांति दे रहे हैं। "रेस्ट इन पीस, चाचाजी" चाचा जी जिंदगी भर "राम-राम" सुनते रहे, मरने के बाद आरआईपी सुन रहे हैं। मरने वाले का मोबाइल अभी भी चार्जिंग पर लगा है, उधर उसकी आत्मा की शांति के लिए 150 स्टेटस लग चुके हैं। आत्मा सोच रही है-मैं यहाँ लाइन में लगा हूँ ऊपर जाने के लिए, नीचे ये लोग मेरी फोटो पर दिल वाला रिएक्शन दे रहे हैं और इस सबमें सबसे दुखी कौन है, वो आदमी जो मरने वाले के साथ रोज चाय पीता था। वो बेचारा कुछ लिखता ही नहीं क्योंकि उसका दुख स्टेटस में नहीं, सीने में है और सीने का दुख न तो वायरल होता है, न उस पर लाइक आते हैं। पहले लोग कहते थे-"आदमी मरने के बाद याद आता है।" अब कहते हैं-"आदमी मरने के बाद स्टेटस में आता है।" जिंदा में हाल पूछ लो, मरने के बाद स्टेटस में लगाने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!