श्री गोपाल गौशाला झुंझुनू में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ भव्य गोपाष्टमी मेला

AYUSH ANTIMA
By -
0


झुंझुनू (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): झुंझुनू की ऐतिहासिक श्री गोपाल गौशाला में गोपाष्टमी का पावन पर्व अत्यंत धूमधाम, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया। 17 नवंबर को आयोजित इस विशाल मेले में जिले भर से बड़ी संख्या में गौभक्तों, श्रद्धालुओं और स्कूली बच्चों ने हिस्सा लिया। सुबह की वेला में हुए सामूहिक हवन से लेकर रात्रि के सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक, पूरा गौशाला परिसर गौमय और भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया। मेले का शुभारंभ प्रातः 5 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य और सामूहिक हवन के साथ हुआ, जिसमें आहुतियां देकर विश्व कल्याण और गौ-वंश की रक्षा की कामना की गई। भामाशाह चंडी प्रसाद टीबड़ा एवं रमाकांत तुलस्यान के सहयोग से संपूर्ण गौशाला परिसर में आकर्षक और भव्य बिजली डेकोरेशन की गई थी। सायंकाल में महिलाओं और झुंझुनू एकेडमी के बच्चों द्वारा रंग-बिरंगी रंगोली सजाई गई और भव्य दीप उत्सव के साथ गौमाता की विशेष आरती संपन्न हुई। प्रबंध कमेटी द्वारा गौभक्तों के लिए गौमाता को गुड़, हरा चारा, फल और सब्जियां अर्पित करने के लिए विशेष और सुचारू प्रबंध किए गए थे। साथ ही इस अवसर पर लायंस क्लब झुंझुनू एवं श्री श्याम आशीर्वाद सेवा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में गौ माता को छप्पन भोग प्रसाद भी अर्पित किया गया। गौपाष्टमी के इस पावन अवसर पर झुंझुनू जिला कलेक्टर डॉ.अरुण गर्ग और चुनाव आयोग पर्यवेक्षक गौरव चतुर्वेदी बतौर मुख्य अतिथि गोशाला पहुँचे। उनके साथ-साथ प्रमुख भामाशाह केशरदेव तुलस्यान का भी विशेष आगमन हुआ। गौशाला अध्यक्ष प्रमोद खंडेलिया, मंत्री प्रदीप पाटोदिया, कोषाध्यक्ष राजकुमार तुलस्यान सहित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर, दुपट्टा ओढ़ाकर तथा गौ माता का प्रतीक चिह्न भेंटकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।

*पेंटिंग प्रतियोगिता इस मेले का मुख्य आकर्षण रही*

करीब 60 से अधिक प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया, जिसके कारण निर्णायक मंडल के लिए परिणाम तय करना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। निर्णायक मंडल में श्रीमती सविता सिंघानिया, डॉ.रती जांगिड़ और श्रीमती संध्या राजोतिया शामिल थीं। 

*प्रतियोगिता के घोषित परिणाम* 

* प्रथम पुरस्कार: भूमिका जांगिड़।
* द्वितीय पुरस्कार: नविष्का शर्मा।
* तृतीय पुरस्कार: प्राची नारनौली।
* सांत्वना पुरस्कार: भूमि पारीक एवं मान्या मोदी
इस आयोजन को सफल बनाने में श्री गोपाल गौशाला के बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, दानदाता, भामाशाह और शहर के गणमान्य नागरिक अपनी उपस्थिति से गो-सेवा के इस अनुष्ठान के साक्षी बने।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!