टोंक (लालचंद माली): जिले के देवली क्षेत्र की ग्राम पंचायत थांवला में सरपंच पद के दावेदार की ओर से मिठाई के डिब्बों में रुपए बांटने के आरोप को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने चुनाव में मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए मिठाई के डिब्बों के साथ नकदी बांटने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची नासिरदा थाना पुलिस ने मौके से वैन जब्त कर थाने में खड़ी करवा दी। हालांकि पुलिस की तलाशी में गाड़ी के अंदर से कोई नकदी बरामद नहीं हुई। नासिरदा थाना प्रभारी रोडूराम ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे थांवला गांव में हंगामे की सूचना मिली थी। ग्रामीणों ने एक सरपंच पद के दावेदार पर मिठाई के डिब्बों में रुपए रखकर बांटने का आरोप लगाया था। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की शिकायत पर संबंधित वैन को जब्त कर लिया।
*डिब्बों पर प्रत्याशी का नाम और फोटो*
पुलिस के अनुसार घटना के दौरान का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक युवक मिठाई के डिब्बे को खोलकर उसके नीचे रखे रुपए निकालते हुए दिखाई दे रहा है। वहीं पुलिस ने जब वैन की तलाशी ली तो उसमें दो प्लास्टिक के कट्टों में मिठाई के छोटे डिब्बे मिले। इन डिब्बों पर सरपंच पद के दावेदार अंकित सोनी का नाम और फोटो छपा हुआ था। हालांकि पुलिस का कहना है कि तलाशी के दौरान किसी भी डिब्बे में नकदी नहीं मिली।
*प्रत्याशी ने आरोपों को बताया साजिश*
वहीं सरपंच पद के दावेदार अंकित सोनी ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह और उनके परिवार का कोई भी सदस्य मौके पर मौजूद नहीं था। चुनाव को लेकर उन्हें बदनाम करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने न तो किसी को रुपए बांटे हैं और न ही कोई गिफ्ट वितरित किया है।
*रिपोर्ट मिलने पर होगी आगे की कार्रवाई*
देवली एसडीएम रूबी अंसार ने बताया कि उन्हें मीडिया के माध्यम से मामले की जानकारी मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई पुलिस द्वारा ही की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी तक सरपंच पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं हुए हैं। थाना प्रभारी रोडूराम के अनुसार फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में लिखित रिपोर्ट नहीं दी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।