टोंक (लालचंद माली): जिले के देवली थाना क्षेत्र में बोयड़ा गणेशजी रोड स्थित एक खेत में मंगलवार सुबह युवक का शव चारपाई पर मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मृतक के पिता ने बेटे की मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया और मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया।
*सुबह मिली बेटे की मौत की सूचना*
पुलिस को दी रिपोर्ट में सावर थाना क्षेत्र के मेहरूकला गांव निवासी चंदाराम ने बताया कि उनका बेटा टीकम चंद अपनी पत्नी के साथ ससुराल पक्ष के खेत पर रहता था। टीकम चंद के ससुर कालूराम अपने परिवार के साथ बोयड़ा गणेशजी रोड स्थित श्योजीराम मीणा के खेत में खेती करते हैं और वहीं निवास करते हैं। रिपोर्ट के अनुसार 3 नवंबर को सुबह करीब 8 बजे चंदाराम को बेटे की मौत की सूचना मिली। इस पर वे ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उनका बेटा चारपाई पर मृत अवस्था में मिला। बेटे की मौत की परिस्थितियों को लेकर संदेह जताते हुए उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच की मांग की।
*एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य*
सूचना पर देवली थानाधिकारी प्रीति रत्नू, एएसआई सत्यनारायण, भारत सिंह, हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह तथा कांस्टेबल रामकिशन और हुकूम नाथ पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों की ओर से संदेह जताए जाने पर टोंक से एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
*सभी पहलुओं से जांच में जुटी पुलिस*
देवली थानाधिकारी प्रीति रत्नू ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया युवक की मौत में कोई संदिग्ध गतिविधि नजर नहीं आई है। हालांकि पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।