खेतड़ी (राजेन्द्र शर्मा झेरलीवाला): खेतड़ी क्षेत्र के ककराय गांव स्थित तालाब में युवक का शव मिलने के मामले में परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक के परिजनों और मान्दरी गांव के ग्रामीणों ने शनिवार को राजकीय उप जिला अस्पताल के बाहर धरना देकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। खेतड़ी सीआई बुद्धि प्रसाद की समझाइश और आश्वासन के बाद करीब एक घंटे में धरना समाप्त हुआ।जानकारी के अनुसार, ककराय गांव के तालाब में मान्दरी निवासी 28 वर्षीय केसर मेघवाल का शव मिला था। परिजनों ने आशंका जताई कि युवक की हत्या कर शव तालाब में फेंका गया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर अस्पताल के बाहर धरना दिया। सूचना पर खेतड़ी सीआई बुद्धि प्रसाद मौके पर पहुंचे और परिजनों व ग्रामीणों से समझाइश की। सीआई ने आश्वासन दिया कि परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट के आधार पर हत्या की धारा में मामला दर्ज कर जांच की जाएगी तथा शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया। धरना समाप्त होने के बाद परिजनों की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस के अनुसार, रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।
तालाब में मिले युवक के शव पर हत्या की आशंका, परिजनों ने अस्पताल के बाहर दिया धरना
By -
November 21, 2026
0
Tags: