रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): पंचायतीराज चुनाव को लेकर रानीवाड़ा ग्राम पंचायत में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। गांव की सरकार बनाने के लिए सरपंच पद के दावेदारों ने अपनी पूरी ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। करीब छः से आठ सरपंच प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए घर-घर और ढाणी-ढाणी पहुंचकर जनसंपर्क कर रहे हैं। प्रत्याशी मतदाताओं से व्यक्तिगत मुलाकात कर समर्थन और आशीर्वाद मांगते हुए अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रहे हैं। रानीवाड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच पद की सीट सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित होने के कारण चुनावी मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है। इस बार महिला प्रत्याशियों के बीच राजनीतिक प्रतिष्ठा की जंग देखने को मिल रही है। प्रत्याशियों के परिवारजन, समर्थक और कार्यकर्ता भी चुनाव प्रचार में सक्रिय हो गए हैं। सुबह से लेकर देर शाम तक अलग-अलग मोहल्लों और ढाणियों में जनसंपर्क का दौर जारी है। चुनावी मैदान में उतरे प्रत्याशी मतदाताओं के सामने गांव के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क, नाली, रोशनी और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं। वहीं, मतदाता भी प्रत्याशियों से गांव के विकास को लेकर सवाल कर रहे हैं और उनकी प्राथमिकताओं को जानने में रुचि दिखा रहे हैं। फिलहाल गांव की चौपालों, चौराहों और गली-मोहल्लों में चुनावी चर्चाओं का माहौल गर्म है। हर प्रत्याशी अधिक से अधिक मतदाताओं तक पहुंच बनाने में जुटा है। आने वाले दिनों में चुनावी प्रचार और तेज होने के साथ ही गांव की सियासत में नए समीकरण बनने की संभावना है।
गांव की सरकार बनाने की कवायद तेज, सरपंच प्रत्याशी घर-घर दे रहे दस्तक*
By -
November 02, 2026
0
Tags: