राजकीय संस्थानों में मनाया गया स्विच ऑफ ऑवर डे, ऊर्जा संरक्षण का दिया सन्देश

AYUSH ANTIMA
By -
0



रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मिशन लाइफ के तहत सोमवार को ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह 2026 के दूसरे दिन जिले के राजकीय संस्थानों में ऊर्जा संरक्षण विषय पर जन जागरूकता गतिविधियां का आयोजन किया गया। इसी क्रम में आयोजित हुए स्विच ऑफ ऑवर डे के माध्यम से विद्युत उपकरणों को अल्प समय के लिए बंद करते हुए ऊर्जा व पर्यावरण संरक्षण का संदेश आमजन को दिया गया। सेव एनर्जी थीम पर आयोजित हुए कार्यक्रम में राजकीय कार्मिकों ने राजकीय कार्यालय में आने वाले आगुंतकों को दैनिक जीवन में ऊर्जा संरक्षण के लिए घरों में अनावश्यक रूप से चलने वाली लाइट एवं पंखे को बंद रखने, प्राकृतिक रोशनी का अधिकतम उपयोग करने, ऊर्जा दक्ष विद्युत उपकरणों एवं एलईडी बल्बों का उपयोग करने तथा विद्युत उपकरणों को उपयोग के बाद स्विच ऑफ करने जैसे बहुमूल्य उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान कार्मिकों ने ऊर्जा व पर्यावरण संरक्षण हेतु मिशन लाइफ शपथ ग्रहण की।

*आगामी दिवस होंगे विविध कार्यक्रम*

प्राप्त कार्यक्रमानुसार 3 नवंबर को जल संरक्षण के लिए जल बचत, वर्षा जल संचयन एवं पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसी प्रकार 4 नवंबर को टिकाऊ खाद्य प्रणालियों को बढ़ावा देने के लिए मोटे अनाज एवं पारंपरिक खाद्य पदार्थों का प्रदर्शन, खाद्य अपव्यय रोकने तथा जैविक खाद निर्माण के प्रति जागरूक किया जाएगा। 5 नवंबर को एकल उपयोग प्लास्टिक मुक्त वातावरण के लिए प्लास्टिक मुक्त बाजार एवं परिसर अभियान तथा कपड़े के थैले एवं पुनः उपयोग योग्य बोतलों के उपयोग को प्रोत्साहित किया जाएगा। 6 नवंबर को ई-वेस्ट प्रबंधन के तहत ई-कचरा संग्रहण एवं उसके सुरक्षित निस्तारण के बारे में जागरूकता गतिविधियां होंगी। वहीं 7 नवंबर को कचरा कम करने के उद्देश्य से स्वच्छता अभियान, कचरे का स्रोत पर पृथक्करण एवं Reduce, Reuse & Recycle अभियान आयोजित किए जाएंगे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!