बीकानेर (श्रीराम इंदौरिया): जनजातीय समाज के स्वाभिमान, अधिकारों एवं सांस्कृतिक अस्मिता के लिए संघर्ष करने वाले महान जननायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती रविवार को कर्मचारी मैदान में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई। मीणा समाज अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त महासंघ, समस्त विभाग बीकानेर के तत्वावधान में आयोजित समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों एवं समाजबंधुओं ने भागीदारी निभाई। मुख्य अतिथि संभागीय आयुक्त आईएएस विश्राम मीणा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और सामाजिक समर्पण की प्रेरणादायी मिसाल है। उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध संघर्ष किया। समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए युवाओं को शिक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण करते हुए आधुनिक शिक्षा से जुड़ना समय की आवश्यकता है। विशिष्ट अतिथि शिक्षक संघ रेसटा, राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष एवं महासंघ संयोजक मोहर सिंह सलावद ने कहा कि बिरसा मुंडा के विचारों को व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों तथा सामाजिक-सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए उनका संघर्ष पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। शिक्षित, संगठित और जागरूक समाज ही अपने अधिकारों एवं गौरवशाली विरासत का संरक्षण कर सकता है।कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ जिलाध्यक्ष जयपाल मीणा ने की तथा विशिष्ट अतिथि पीबीएम अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ.मनोज कुमार मीणा रहे। समारोह में महापुरुषों की विरासत नई पीढ़ी तक पहुंचाने, सामाजिक एकता, शिक्षा एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। अतिथियों सहित पांच कर्मचारियों का स्मृति चिह्न, माला एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष भीम सिंह मीणा, महामंत्री मनीष काचरिया, उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार मीणा, महासचिव बीरबल सिंह मीणा, सुनील कुमार मीणा, लखपत मीणा, विमलेश कुमार मीना, रंगलाल मीना, आशा राम मीणा सहित अनेक गणमान्यजन एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।
कर्मचारी मैदान में गूंजा जनजातीय स्वाभिमान का जयघोष, धरती आबा बिरसा मुंडा को किया नमन
By -
November 16, 2026
0
Tags: