जयपुर: प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र सांगानेर में बुनियादी ढांचे के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सांगानेर रोड पर मुख्यमंत्री कार्यालय से मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग के दोनों तरफ फुटपाथ और किनारों पर लगाई गई टाइलें कई जगहों से उखड़कर बिखरी पड़ी हैं।
*निर्माण के कुछ समय बाद ही उखड़ने लगीं टाइलें*
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस मार्ग पर सौंदर्यीकरण और टाइलें लगाने का कार्य हुए अभी अधिक समय नहीं बीता है। इसके बावजूद, निर्माण की गुणवत्ता में कमी और नियमित देखरेख (मेंटेनेंस) के अभाव में टाइलें अपनी जगह छोड़ने लगी हैं। टूटी और उखड़ी हुई टाइलों के कारण पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे हर समय दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
*विशेष अफसरों की नियुक्ति के बावजूद सुधार नहीं*
क्षेत्रवासियों का कहना है कि मुख्यमंत्री का क्षेत्र होने के कारण यहां के विकास और रखरखाव के लिए कई वरिष्ठ अधिकारियों की विशेष नियुक्ति की गई है। लोगों को उम्मीद थी कि वीआईपी क्षेत्र बनने के बाद यहां के विकास कार्यों की मिसाल पूरे राजस्थान में दी जाएगी, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत नजर आ रही है।
*जनता में नाराजगी*
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं आया है और कामकाज आज भी पुराने ढर्रे पर 'राम भरोसे' ही चल रहा है। छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए भी लोगों को बार-बार प्रशासन को अवगत कराना पड़ रहा है, लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इन उखड़ी हुई टाइलों की मरम्मत करवाई जाए और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की जाए।