राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ शिष्योपनयन संस्कार, नए बीएएमएस विद्यार्थियों ने ली चिकित्सा सेवा की दीक्षा

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान (मानद विश्वविद्यालय), जयपुर में सोमवार को बीएएमएस प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए 'आयुरप्रवेशिका 2026 एवं व्हाइट कोट सेरेमनी' के अंतर्गत पारंपरिक शिष्योपनयन संस्कार का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन एवं विधि-विधान से हुई पूजा-अर्चना के साथ विद्यार्थियों ने आयुर्वेद चिकित्सा शिक्षा के नए अध्याय की शुरुआत की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, ज्ञानार्जन और सफल चिकित्सकीय जीवन की मंगलकामना की गई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रो.संजीव शर्मा, डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलगुरु प्रो.गोविन्द सहाय शुक्ला तथा राजस्थान सरकार के आयुर्वेद विभाग के निदेशक डॉ.आनंद कुमार शर्मा उपस्थित रहे। संस्थान के प्रो.पी. हेमंता, संयुक्त निदेशक जे.पी. शर्मा, प्रो. एच.एम.एल. मीना एवं प्रो.सुदीप्त रथ सहित संस्थान के चिकित्सकों, शिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी हवन एवं पूजा-अर्चना में सहभागिता की।

*आयुर्वेद चिकित्सा में ज्ञान के साथ सेवा और नैतिकता भी जरूरी: प्रो.गोविन्द सहाय शुक्ला*

डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलगुरु प्रो.गोविन्द सहाय शुक्ला ने अपने संबोधन में कहा कि चिकित्सा शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सेवा भावना, अनुशासन, संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों का विशेष महत्व है। आयुर्वेद की समृद्ध गुरु-शिष्य परंपरा का अनुसरण करते हुए विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं रोगियों के कल्याण के लिए करना चाहिए।

*विद्यार्थी आयुर्वेद की परंपरा और आधुनिक चिकित्सा शिक्षा के बीच सेतु बनें: प्रो.संजीव शर्मा*

राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रो.संजीव शर्मा ने कहा कि संस्थान में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए यह अवसर केवल एक नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार चिकित्सक बनने की दिशा में पहला महत्वपूर्ण कदम है। विद्यार्थियों को आयुर्वेद के सिद्धांतों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान, अनुशासन और रोगी सेवा के प्रति समर्पित रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान की शैक्षणिक एवं चिकित्सकीय परंपराओं का लाभ उठाकर भविष्य में समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया। शिष्योपनयन संस्कार भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को गुरु के मार्गदर्शन में ज्ञान अर्जित करने, अनुशासन का पालन करने, सेवा भाव विकसित करने तथा चिकित्सा धर्म के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश दिया जाता है। चिकित्सा शिक्षा में प्रवेश के इस अवसर पर आयोजित संस्कार विद्यार्थियों को मानवीय मूल्यों, रोगी के प्रति संवेदनशीलता और नैतिक चिकित्सकीय दायित्वों की याद दिलाता है। संस्थान में आयुरप्रवेशिका 2026 के अंतर्गत 16 से 30 नवंबर तक इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नवप्रवेशित विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न विभागों, चिकित्सकीय सुविधाओं, अनुसंधान गतिविधियों एवं संस्थान की सांस्कृतिक और अकादमिक परंपराओं से परिचित कराया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!