निवाई (लालचंद माली): पंचायतराज चुनाव के दौरान ग्राम पंचायत रामनगर धूंतरी में सोमवार को मतदान के अंतिम समय ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने चुनावी व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए। मतदान केंद्र पर वोट डालकर बाहर निकले एक बाबा के बाद मतपेटी से अचानक धुआं उठने लगा। घटना से मतदान केंद्र पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कांटोली निवासी श्रीराम मीणा उर्फ श्रीराम महाराज को पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत रामनगर धूंतरी के मतदान केंद्र संख्या 126 एवं 127 पर सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण चल रहा था। शाम करीब 5 बजकर 55 मिनट पर मतदान समाप्ति से कुछ समय पहले कांटोली निवासी श्रीराम मीणा उर्फ श्रीराम महाराज मतदान केंद्र संख्या 126 पर वोट डालने पहुंचे। बताया जा रहा है कि उनके मतदान कर बाहर निकलने के कुछ देर बाद मतपेटी से धुआं उठने लगा। अचानक हुई इस घटना से मतदान केंद्र पर मौजूद मतदानकर्मियों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी में मतपेटी में केमिकल डालने की आशंका जताई गई है। बताया जा रहा है कि केमिकल की प्रतिक्रिया के चलते मतपेटी से धुआं उठने लगा। घटना की सूचना मिलते ही एरिया मजिस्ट्रेट भूपेंद्र यादव, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए मतपेटी को सुरक्षित करवाया और मामले की जांच शुरू की।
*14 मतपत्र प्रभावित, तीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त*
एरिया मजिस्ट्रेट भूपेंद्र यादव ने बताया कि मतपेटी में कुल 14 मत पत्र प्रभावित हुए, जिनमें सरपंच पद के 9 और पंच पद के 5 मत पत्र शामिल हैं। इनमें से सरपंच पद के 2 तथा पंच पद का 1 मत पत्र क्षतिग्रस्त पाया गया, जबकि शेष मत पत्र सुरक्षित हैं। निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार मतगणना एवं परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया रात करीब 10 बजे शुरू की गई।
*मतदान के अंतिम समय दिया वारदात को अंजाम*
घटना को लेकर बताया गया कि मतदान समाप्ति के करीब पांच मिनट पहले यह घटनाक्रम हुआ। उस समय दोनों मतदान केंद्रों पर करीब 2000 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। घटना के बाद पुलिस ने संदिग्ध श्रीराम महाराज को पकड़ लिया। जिला प्रशासन के निर्देश पर मामले में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
*पुलिस खंगाल रही घटना के पीछे की वजह*
निवाई पुलिस वृत्ताधिकारी रवि प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, घटना में किस प्रकार के केमिकल का इस्तेमाल हुआ और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।