शेखावाटी की धरा जो अपनी वीरता और बेबाकी के लिए जानी जाती है। वहां की राजनीति आजकल पारिवारिक सिरियल से कम नहीं लग रही है। राजस्थान के साथ शेखावाटी की धरा पर लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व पंचायत राज चुनाव सम्पन्न हुए। इन चुनावों में शेखावाटी की धरा पर राजनीति का एक अनोखा माडल देखने को मिला। जहां एक तरफ विरोधी दल अपनी अपनी बिसात बिछा रहे थे, वहीं भाजपा के स्थानीय दिग्गजों ने यह कमाल कर दिखाया कि जब घर के चिराग आपस में टकराने लगे तो बाहर की आंधियों की आवश्यकता नहीं होती। इसका नतीजा यह हुआ कि भारतीय जनता पार्टी का ऐतिहासिक सूपड़ा साफ हो गया। मंचों पर परिवारवाद के खिलाफ गरजने वाले नेताओं ने टिकट वितरण में वसुधैव कुटुंबकम का अर्थ केवल अपना सगा परिवार ही समझा। पूर्व सांसदों, विधायको व मंत्रियों ने अपने बेटे, बहू, भाईयों, बहनों और रिश्तेदारों को जनसेवा का लाइसेंस थमा दिया। बेचारे दरी बिछाने वाले समर्पित कार्यकर्ता बस यही सोचते रहे कि शायद उनको अगले जन्म में ही मौका मिलेगा। इन चुनावों में टिकट बंटवारे के समय एक पारिवारिक प्रतियोगिता शुरू हो गई कि कौन अपने परिवार वालों को ज्यादा टिकट दिलवा सकता है, जिसमें उनके खास दरबारी भी शामिल थे। भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र सबका साथ सबका विकास में स्थानीय नेताओं ने थोड़ा संशोधन किया कि अपने ही गुट का साथ, अपने ही परिवार का विकास। राजस्थान की सरकार को डबल इंजन सरकार बोलकर खूब प्रचारित किया गया कि यह डबल इंजन सरकार राजस्थान में विकास के उच्चतम आयाम स्थापित करेगी। शेखावाटी की धरा जो मिट्टी के धोऱो और टीलों के लिए भी जानी जाती है, अब उसका स्वरुप बदलने वाला है कि नहर के पानी से हरियाली में बदल जायेगा लेकिन डबल इंजन सरकार के डिब्बे आपस में टकरा गये और नहर में बाढ आने से वोटों की फसल बह गई और परिणाम सभी के सामने है। जिस दल के नेताओं ने परिवारवाद के भरे तीरों के तरकश को विपक्ष पर दाग कर तरकश खाली कर लिया था, उसी दल के स्थानीय क्षत्रपों ने पंचायत चुनावों को फेमिली पिकनिक समझ लिया। टिकट वितरण को लेकर संगठन व पर्यवेक्षकों की बैठक न लग कर शादी के कार्ड बांटने की रस्म ज्यादा लंबी लगी। एक टिकट पत्नी को दे दिजिए, एक बड़े बेटे को व छोटा बेटा निर्दलीय ही सही पर चुनावी मैदान में तो उतारना जरुरी है क्योंकि लोकतंत्र में हिस्सेदारी के लिए मेरे परिवार का एकाधिकार है। निष्ठावान कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा गया कि तुम तो पार्टी की रीढ़ हो और रीढ़ का काम बोझ उठाना होता है, कुर्सी पर बैठना नहीं। शेखावाटी में खासकर झुंझुनूं के भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने विपक्ष से लड़ने के बजाय आपस में युद्ध छेड़ दिया। हर बड़े नेता का अपना अपना गुट था और उस गुट का एक ही मकसद कि दूसरे गुट के उम्मीदवार को हर हाल में निपटाना है। इस आपसी गुटबाजी और खींचतान में पार्टी का कमल कब कीचड़ में धंस गया, नेताओं को पता ही नहीं चला। इन चुनावों में शेखावाटी के मतदाताओं ने बड़े सधे हुए अंदाज में फैसला सुनाया। जनता ने साफ संकेत दे दिया कि जब घर के अंदर ही महाभारत छिड़ी हो और अपनो को ही रेवड़ियां बांटने की होड़ लगी हो तो बाहर वालों से जीत की उम्मीद रखना बेमानी होगा। शेखावाटी में कमल खिलने से पहले ही अपनों की गुटबाजी और वंशवाद की तेज धूप में मुरझा गया। शेखावाटी में पंचायत चुनावों में भले ही भारतीय जनता पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया पर नेताओं का अहंकार और वंशवाद पूरे सम्मान के साथ जिंदा है।
शेखावाटी में पंचायती चुनावों में कमल का सूपड़ा साफ: गुटबाजी और परिवारवाद की जुगलबंदी का कमाल
By -
November 21, 2026
0
Tags: