आदि काल अंत काल, मध्य काल भाई। जन्म काल जरा काल, काल संग सदाई।।जागत काल सोवत काल, काल झंपै आई। चलत काल फिरत काल, कबहूँ ले जाई।। आवत काल जात काल काल कठिन खाई। लेत काल देत काल, काल ग्रसै बाई॥ कहत काल सुनत काल, करत काल सगाई। काम काल क्रोध काल, काल जाल छाई ॥ काल आगें काल पीछे, काल संगि समाई। काल रहित राम गहित, दादू ल्यौ लाई।।अर्थात बालकपन से वृद्धावस्था पर्यन्त यह मानव हरि को त्यागकर भोगों की वासना से प्रमाद करता आ रहा है और प्रमाद ही काल है। सर्वत्र सर्व अवस्थाओं में वह काल ही नाच रहा है, लेकिन कोई भी नहीं समझता। देखते, चलते-फिरते, सोते-जागते, खाते-पीते, श्वास लेते, कहते-सुनते हुए सबको काल ग्रस रहा है। प्रमाद ही काम क्रोधादि रुप से सर्वत्र फैल रहा है। काम, क्रोधादि शत्रु सबके मन में रहते हुए सभी पर प्रहार कर रहे हैं। आगे, पीछे, नीचे, ऊपर सब जगह काल ही साम्राज्य फैला रहा है। अत: भोग वासनाओं को त्यागकर काल से बचने के लिये काल रहित श्रीराम का ही ध्यान करना चाहिये। योगवसिष्ठ में लिखा है कि-प्राणियों के मन में मोह रूपी वन में वासना की नदी शीघ्र गति से बह रही है, जिसके शुभ-अशुभ ही दो किनारे हैं। वह बहती हुई जिस किनारे पर ले जाती है, वहीं पर जीव पहुँच जाता है। सनत्सुजातीयोपनिषद् में कहा है कि हे क्षत्रिय ! जगत् के आरम्भ से ही प्रवृत्त हुए दोनों विचार सत्य हैं। तथापि जो विद्वानों को अभिमत है, वह मृत्यु तो मोह है, किन्तु मैं तो प्रमाद को ही मृत्यु कहता हूँ और सर्वदा अप्रमाद को अमृतत्व बतलाता हूँ। इसकी व्याख्या करते हुए भगवान् शंकराचार्य कह रहे हैं कि-तो फिर मृत्यु क्या है। यह जो मोह अर्थात् अनात्मा में आत्मा का अभिमान है, वह ही मृत्यु है, ऐसा किन्हीं विद्वानों का मत है। किन्तु मैं मृत्यु को ऐसा नहीं बतलाता, मैं तो प्रमाद को ही मृत्यु कहता हूँ। प्रमाद अपने स्वाभाविक ब्रह्मभाव से च्युत होने को कहते हैं। उस प्रमाद मिथ्या ज्ञान के भी कारणभूत आत्मा का अनिश्चय अर्थात् आत्मा के अज्ञान को मैं मृत्यु यानी जनम-मरण आदि संपूर्ण अनर्थों का बीज बतलाता हूँ। अत: श्रुति भी कहती है कि “परमज्योति को प्राप्त होकर अपने स्वरूप से युक्त हो जाता है" ऐसा कहकर अपने स्वरूप में स्थित होने को ही मोक्ष रुप से प्रदर्शित करती है।
3/related/default