जयपुर: पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण परिणाम प्रदर्शित नहीं होने पर राज्य निर्वाचन आयोग ने जयपुर जिले के पांच मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान करवाने के आदेश जारी किए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि जिला परिषद के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 13 के बूथ संख्या 60 (राउमावि, नांगल सिरस) एवं निर्वाचन क्षेत्र संख्या 52 के बूथ संख्या 81 (राउमावि, अचरोल क.न. 1), पंचायत समिति दूदू के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 06 के बूथ संख्या 62 (राउमावि, साखुन क.न. 1), पंचायत समिति शाहपुरा के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 06 के बूथ संख्या 34 (मगारावि बिशनगढ क.न. 3) तथा पंचायत समिति चौमूं के निर्वाचन क्षेत्र संख्या 25 के बूथ संख्या 142 (राउमावि, लोहरवाड़ा क.न. 13) पर पुनर्मतदान करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि राजस्थान पंचायतीराज (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 48ए में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग ने उक्त मतदान केंद्रों पर पूर्व में हुए मतदान को शून्य (Void) घोषित किया है। इन सभी मतदान केंद्रों पर रविवार, 22 नवंबर 2026 को प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक पुनर्मतदान करवाया जाएगा। मतदान समाप्ति के पश्चात उसी दिन रात्रि 9 बजे से मतगणना प्रारंभ होगी। उन्होंने बताया कि पुनर्मतदान के लिए मतदान दल शनिवार, 21 नवंबर 2026 को जिला मुख्यालय से संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगे। जिला परिषद सदस्यों के लिए मतगणना जिला मुख्यालय पर तथा पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतगणना संबंधित पंचायत समिति मुख्यालयों पर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न करवाई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित मतदान केंद्रों के मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर पुनर्मतदान में भाग लें तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें।
ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण पांच मतदान केंद्रों पर 22 नवंबर को होगा पुनर्मतदान
By -
November 20, 2026
0
Tags: