चमत्कारी इलाज’ के दावों पर प्रशासन का शिकंजा, श्रीराम महाराज के पर्चे और उपचार पद्धति की होगी जांच

AYUSH ANTIMA
By -
0


निवाई (लालचंद माली): कांटौली स्थित श्रीराम महाराज के आश्रम में चमत्कारिक तरीके से विभिन्न बीमारियों का उपचार करने के दावों को लेकर अब प्रशासन और चिकित्सा विभाग जांच की तैयारी में जुट गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो, इलाज के दावों और मरीजों से ली जाने वाली राशि को लेकर उठ रहे सवालों के बीच अब आश्रम की उपचार पद्धति से लेकर संबंधित दस्तावेजों और इलाज करने की योग्यता तक की पड़ताल की जाएगी। खास बात यह है कि श्रीराम महाराज के इलाज संबंधी पर्चों की भी जांच होगी। जानकारी के अनुसार, मतपेटी में आग लगाने के मामले में जेल में बंद कांटौली निवासी श्रीराम मीणा उर्फ श्रीराम महाराज की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। इसकी वजह उनके आश्रम के सोशल मीडिया पेज पर प्रसारित हो रहे वे वीडियो हैं, जिनमें वे विभिन्न बीमारियों का चमत्कारिक तरीके से उपचार करने का दावा करते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में दुर्लभ जड़ी-बूटियों के माध्यम से मर्दाना कमजोरी दूर करने का दावा भी किया गया है। प्रशासन अब इन वीडियो को आधार बनाकर इलाज से संबंधित दस्तावेजों की जांच करवाएगा।

*2100 रुपए पंजीयन, दवाइयों का शुल्क अलग*

आश्रम में उपचार करवाने पहुंचे लोगों और ग्रामीणों के अनुसार बाबा महीने में दो बार जनता दरबार लगाकर खुलेआम इलाज करने का दावा करते हैं। उपचार से पहले प्रत्येक मरीज का पंजीयन करने के नाम पर 2100 रुपए लिए जाने की बात सामने आई है। इसके अलावा चूर्ण, चटनी, पाउडर अथवा अन्य रूप में दी जाने वाली दवाइयों का शुल्क अलग से वसूलने के आरोप भी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अन्य सुविधाओं के नाम पर भी छिपे हुए चार्ज लिए जाते हैं। यहां तक कि आश्रम के पास पानी की पैक बोतल 40 रुपए तक में बेचे जाने की बात भी सामने आई है।

*किस पैथी से इलाज, चिकित्सा विभाग करेगा पड़ताल*

चिकित्सा विभाग अब यह जांच करेगा कि आश्रम में मरीजों का उपचार किस चिकित्सा पद्धति से किया जा रहा है। इलाज एलोपैथी, आयुर्वेद, यूनानी अथवा किसी अन्य पद्धति से किया जाता है, इसके दस्तावेजों की जांच के साथ उपचार करने वाले व्यक्ति की निर्धारित योग्यता भी देखी जाएगी। इलाज संबंधी पर्चों और दवाइयों के विवरण की पड़ताल कर यह पता लगाया जाएगा कि मरीजों को किस आधार पर उपचार दिया जा रहा है।

*वनभूमि पर निर्माण का आरोप, संयुक्त सर्वे के बाद भी कार्रवाई नहीं*

आश्रम की गतिविधियों के साथ निर्माण को लेकर भी विवाद सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि आश्रम का करीब 90 गुणा 40 फीट हिस्सा वनभूमि पर बना हुआ है। इस संबंध में संयुक्त सर्वे भी किया गया, लेकिन इसके बावजूद अब तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं हुई। मतपेटी जलाने के मामले के बाद ग्रामीणों ने आश्रम की गतिविधियों और निर्माण की निष्पक्ष जांच करवाकर वस्तुस्थिति सामने लाने की मांग उठाई है।

*शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई*

टोंक के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शैलेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि कांटौली स्थित आश्रम में चमत्कारिक तरीके से विभिन्न रोगों के उपचार का दावा करने वाले वीडियो देखे जाएंगे। यदि किसी व्यक्ति को उपचार के संबंध में शिकायत है तो वह विभाग में शिकायत दर्ज करवा सकता है। शिकायत मिलने पर यह जांच की जाएगी कि संबंधित व्यक्ति किस चिकित्सा पद्धति से इलाज कर रहा है और उसके पास उपचार करने की निर्धारित योग्यता एवं आवश्यक दस्तावेज हैं या नहीं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!