शांतिभंग में पकड़े गए दो युवक निकले शातिर भैंस चोर, पुलिस पूछताछ में खुला बड़ा राज; पिकअप में मिलीं चोरी की चार भैंसें

AYUSH ANTIMA
By -
0

निवाई (लालचंद माली): बरोनी थाना पुलिस ने भैंस चोरी की एक बड़ी वारदात का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को पकड़ा है। खास बात यह है कि पुलिस ने दोनों युवकों को शुरुआत में शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया था, लेकिन पूछताछ और आपराधिक रिकॉर्ड की पड़ताल में वे भैंस चोर निकले। पुलिस ने उनके कब्जे से पिकअप में ले जाई जा रही चार भैंसें बरामद की हैं। बरोनी थानाधिकारी जयमल सिंह राठौड़ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के आदेशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव के निर्देशन तथा पीपलू वृत्ताधिकारी विनोद कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र में बढ़ती भैंस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान एएसआई घनश्याम मय जाप्ता ने थाने के बाहर नाकाबंदी के दौरान टोंक से जयपुर की ओर जा रही एक पिकअप को रुकने का इशारा किया। पिकअप में चार भैंसें लदी हुई थीं। पुलिस के अनुसार, चालक ने बड़ी मुश्किल से पिकअप रोकी। इसके बाद चालक और उसके साथी ने पुलिस पर बेवजह परेशान करने का आरोप लगाते हुए बीच रास्ते में वाहन खड़ा कर हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों युवकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया तथा भैंसों सहित पिकअप को सुरक्षा की दृष्टि से थाने में खड़ा करवा दिया।

*आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो खुली पोल*

पुलिस पूछताछ में दोनों युवकों ने शुरुआत में भैंसों को अपना बताते हुए उन्हें बेचने के लिए टोंक आने की बात कही। इसी दौरान पीपलू वृत्ताधिकारी विनोद कुमार ने दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के निर्देश दिए। जांच में दोनों के विरुद्ध पूर्व में चोरी के प्रकरण दर्ज होना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने जब दोनों से गहनता से पूछताछ की तो उन्होंने पिकअप में लदी चारों भैंसें सवाई माधोपुर जिले के मित्रपुरा थाना क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान मनीष मीणा पुत्र जगन मीणा निवासी जेतपुरा, थाना मित्रपुरा, जिला सवाई माधोपुर तथा दिलखुश पुत्र रतनलाल गुर्जर निवासी रुंगटी, तहसील बौंली, थाना मित्रपुरा, जिला सवाई माधोपुर के रूप में की है।
थानाधिकारी ने बताया कि भैंस चोरी के संबंध में मित्रपुरा थाने में पहले से ही प्रकरण दर्ज है। ऐसे में बरोनी पुलिस ने अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए मित्रपुरा थाना पुलिस को सूचना दे दी है। पुलिस की इस कार्रवाई से भैंस चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों का खुलासा हुआ है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!