भगत की कोठी स्टेशन से अब घर पहुंचना आसान: राईकाबाग के बाद जोधपुर मंडल का दूसरा रैपिडो बुकिंग पॉइंट शुरू

AYUSH ANTIMA
By -
0


जोधपुर (रंजन दहिया): ट्रेन से उतरते ही घर या होटल जाने के लिए स्टेशन के बाहर ऑटो-टैक्सी चालकों से होने वाली किचकिच और मनमाने किराए की समस्या अब खत्म होगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने राईकाबाग रेलवे स्टेशन की सफलता के बाद अब भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पर ऐप-आधारित मोबिलिटी प्लेटफॉर्म 'रैपिडो' के दूसरे आधिकारिक बुकिंग पॉइंट की शुरुआत की है। सोमवार को रेलवे और रैपिडो के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इसका औपचारिक उद्घाटन किया गया।

*बिना ऐप और स्मार्टफोन वाले यात्रियों को भी सीधा फायदा*

इस नई व्यवस्था की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसका लाभ केवल स्मार्टफोन और ऐप चलाने वाले युवाओं तक सीमित नहीं रहेगा। स्टेशन पर बने इस डेडिकेटेड काउंटर पर रैपिडो के प्रतिनिधि तैनात रहेंगे। वे न केवल यात्रियों की ऑनलाइन बुकिंग में मदद करेंगे, बल्कि जिन यात्रियों (विशेषकर बुजुर्गों या ग्रामीण क्षेत्र के लोगों) के पास स्मार्टफोन नहीं है, उनके लिए भी काउंटर से ही राइड बुक कर देंगे। इससे यात्री तय और पारदर्शी किराए पर सीधे अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।

*स्टेशन परिसर की अव्यवस्था पर लगेगी लगाम*

रेलवे प्रशासन का मानना है कि राईकाबाग की तर्ज पर भगत की कोठी स्टेशन पर भी यह सुविधा शुरू होने से बाहर सवारी बैठाने की होड़ में लगने वाले अनधिकृत वाहनों के जमावड़े और अव्यवस्था को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। यात्रियों को एक ही छत के नीचे सुरक्षित, मानकीकृत और किफायती 'लास्ट-माइल कनेक्टिविटी' मिलने से स्टेशन का ट्रैफिक दबाव भी कम होगा।

*उद्घाटन में ये अधिकारी रहे मौजूद*

समारोह में रेलवे की ओर से वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) हितेश यादव, स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह और रेलवे पुलिस अधिकारी अजित सिंह राठौड़ मौजूद रहे। वहीं रैपिडो की तरफ से क्लस्टर मैनेजर कपिल उपाध्याय और एसोसिएट मैनेजर अमित तोंदवाल ने प्रतिनिधित्व किया।

"राईकाबाग के बाद भगत की कोठी स्टेशन पर रेलवे और रैपिडो का यह साझा प्रयास यात्रियों के सफर को सुगम बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम है। हमारा लक्ष्य स्टेशन पर आने वाले हर यात्री को एक ही छत के नीचे सुरक्षित और किफायती विकल्प देना है, ताकि उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो।"

*कपिल उपाध्याय*
क्लस्टर मैनेजर (रैपिडो)

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!