लाइक का लोकतंत्र (व्यंग्य लेख): प्रो (डॉ.) मधुमुकुल चतुर्वेदी

AYUSH ANTIMA
By -
0



हमारा देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। अब हम दुनिया का सबसे बड़ा "लाइक तंत्र" भी हो गये हैं। पहले लोकतंत्र में वोट गिने जाते थे, अब लाइक गिने जाते हैं। पहले नेता कहता था कि मुझे वोट दो। अब हर आदमी कहता है कि मुझे लाइक दो। यह नया संविधान है, जिसका पहला अनुच्छेद है-जो दिखता है, वही बिकता है और दूसरा अनुच्छेद है-जो बिकता नहीं, वह दिखता ही नहीं। इस लाइक तंत्र के नागरिक हम सब हैं। सुबह उठते ही हमारा दिन शुरू नहीं होता, हमारा चुनाव प्रचार शुरू होता है।
चाय की फोटो - "गुड मॉर्निंग फ्रेंड्स"-45 लाइक। बेटे की फोटो -"मेरा लाडला"-150 लाइक और अगर गलती से श्मशान की फोटो डाल दी-"अंतिम यात्रा"-तो 500 लाइक। मृत्यु भी यहाँ कंटेंट है। यहाँ हर आदमी नेता है और हर आदमी वोटर भी।
नेता जी भाषण देते हैं-"मैंने सड़क बनवाई।" नीचे कमेंट आता है-"सर, हमारे गली में तो गड्ढा है।" नेता जी रिप्लाई देते हैं-"आपके स्नेह का आभार।" मतलब, गड्ढा वहीं रहेगा, आपका स्नेह बना रहे।
इस लोकतंत्र में दो तरह के लोग हैं। एक-जिनके लाइक आते हैं। दूसरे-जिनके लाइक नहीं आते और फिर भी पोस्ट करते रहते हैं। दूसरे वाले सबसे बड़े लोकतंत्र सेनानी हैं। वे हार नहीं मानते। वे गांधी जी की तरह अड़े हुए हैं-लाइक आए न आए, सत्याग्रह जारी रहेगा। इस लाइक तंत्र में न्याय पालिका भी है-कमेंट सेक्शन। आपने कुछ लिखा, तुरंत फैसला आ जाता है। "भाई तू गलत है।" "तुझे ज्ञान नहीं है।" "पहले पढ़ कर आ।" जज, वकील, जल्लाद सब यहीं बैठे हैं और सबसे बड़ा दंड क्या है, अनफॉलो कर देना। फाँसी से भी बड़ी सजा। इस तंत्र में सबसे ताकतवर है-एल्गोरिदम। यह हमारा नया चुनाव आयोग है। यह तय करता है कि किसकी पोस्ट दिखेगी, किसकी नहीं। आपने सरकार के खिलाफ लिखा, आपकी रीच डाउन। आपने कुत्ते के नाचने की वीडियो डाली, आपकी रीच आसमान पर। यह कहता है-"तुम देशभक्ति मत दिखाओ, तुम नाच कर दिखाओ।" और हम नाच रहे हैं। पहले लोकतंत्र में कहा जाता था-"जनता सब जानती है।" नए लाइकतंत्र में कहा जाता है-"जनता सब देखती है पर कुछ समझती नहीं।" पहले नेता वोट खरीदते थे, अब इन्फ्लुएंसर लाइक खरीदते हैं। 1000 लाइक-500 रुपये। लोकतंत्र में भी महंगाई आ गई है। इस लाइक तंत्र में हर आदमी को लगता है कि वह अपनी बात कह रहा है। सच यह है कि वह वही बात कह रहा है, जिस पर लाइक आएगा। एक कवि ने देशभक्ति की कविता लिखी-12 लाइक। उसी कवि ने "बीवी ने बेलन मारा" पर रील बनाई-12 हजार लाइक। अब कवि तय नहीं करता कि क्या लिखना है, लाइक तय करता है। हम धीरे-धीरे नागरिक से दर्शक बन गए हैं और दर्शक से भिखारी-लाइक के भिखारी। "प्लीज लाइक, शेयर, सब्सक्राइब।" पहले भिखारी कहता था-"भगवान के नाम पर दे दे।" अब हम कहते हैं-"कंटेंट के नाम पर दे दे।" फर्क सिर्फ इतना है, पहले भीख में रोटी मिलती थी, अब लाइक मिलता है। पर लाइक से पेट कभी नहीं भरता।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!