299वें स्थापना दिवस पर रोशनी, शहनाई और कविताओं से गूंजेगी गुलाबी नगरी, 17-18 नवंबर को होंगे भव्य आयोजन

AYUSH ANTIMA
By -
0


जयपुर: गुलाबी नगरी जयपुर अपने गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के 299 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्थापना दिवस के रंग में रंगने जा रही है। इस अवसर पर नगर निगम जयपुर की ओर से 17 एवं 18 नवंबर को दो दिवसीय भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। धार्मिक आस्था, साहित्य, संगीत और पारंपरिक संस्कृति के संगम से शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिलेगा।
समारोह को लेकर सोमवार को महापौर सुनील कोठारी ने राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से मुलाकात कर उन्हें स्थापना दिवस समारोह का निमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान पूर्व महापौर पंकज जोशी, पार्षद प्रतिभा शर्मा, विमल अग्रवाल, शैलेंद्र भार्गव एवं सुभाष संघी मौजूद रहे।

*मोती डूंगरी गणेश मंदिर में निमंत्रण से होगी शुरुआत*

कार्यक्रमों की शुरुआत आज 17 नवंबर को सुबह 9 बजे मोती डूंगरी गणेश मंदिर में भगवान गणेश को स्थापना दिवस का प्रथम निमंत्रण अर्पित करने के साथ होगी, वहीं शाम 5 बजे बिरला ऑडिटोरियम में भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देशभर के प्रसिद्ध कवि और कवयित्री अपनी प्रस्तुतियों से साहित्यप्रेमियों को भाव, हास्य और वीर रस से सराबोर करेंगे। कवि सम्मेलन में मेरठ के वीर रस के कवि हरिओम पंवार, मुंबई के हास्य-व्यंग्य कवि एहसान कुरैशी, फरीदाबाद के दिनेश रघुवंशी, कोटा के सुरेश अलबेला, बाराबंकी के प्रियंशु गजेंद्र, उदयपुर के राव अजातशत्रु एवं चित्तौड़गढ़ की कवयित्री दीपिका माही काव्य पाठ करेंगी। कार्यक्रम का संयोजन जयपुर के राकेश पाठक करेंगे।

*शहर के ऐतिहासिक दरवाजों पर गूंजेगी शहनाई*

स्थापना दिवस के अवसर पर जयपुर की पारंपरिक पहचान को जीवंत करने के लिए विभिन्न प्रमुख स्थानों पर शहनाई वादन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें मोती डूंगरी गणेश मंदिर, न्यू गेट रामलीला मैदान, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट, जोरावर सिंह गेट, गंगापोल गेट, सूरजपोल गेट, चांदपोल गेट एवं घाटगेट शामिल हैं। शहनाई की मधुर धुनों से शहर की ऐतिहासिक विरासत और उत्सवी वातावरण को विशेष रंग मिलेगा।

*18 नवंबर को गणेश पूजन और दीप प्रज्वलन से रोशन होगा जयपुर*

समारोह के दूसरे दिन 18 नवंबर को सुबह 9:30 से 10 बजे तक गंगापोल दरवाजे पर गणेश पूजन होगा। इसके बाद सुबह 10:30 से 11 बजे तक गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन एवं पूजन का कार्यक्रम रखा गया है, वहीं शाम 5 बजे स्टेच्यू सर्किल पर दीप प्रज्वलन समारोह आयोजित होगा। दीपों की रोशनी से गुलाबी नगरी स्थापना दिवस की खुशियां मनाएगी। गौरतलब है कि महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने 18 नवंबर 1727 को जयपुर की स्थापना की थी। अपने सुनियोजित नगर विन्यास, ऐतिहासिक इमारतों, कला, संस्कृति और परंपराओं के लिए विश्वभर में पहचान रखने वाला जयपुर आज भी अपनी विशिष्ट विरासत को संजोए हुए है। महापौर सुनील कोठारी ने समस्त जयपुरवासियों से परिवार सहित समारोह में शामिल होकर स्थापना दिवस को भव्य एवं यादगार बनाने की अपील की है। दो दिवसीय आयोजन के जरिए जयपुर की ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक वैभव और परंपराओं को एक बार फिर उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!