रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए 20 नवम्बर को होने वाली मतगणना के सफल एवं सुचारू संचालन को लेकर मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला मुख्यालय पर शाह पूंजाजी गेनाजी स्टेडियम स्थित बहुउद्देश्यीय हॉल में आयोजित हुआ, जिसमें नियुक्त मतगणना पर्यवेक्षकों, मतगणना सहायक प्रथम एवं मतगणना सहायक द्वितीय को मतगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए पोस्टल बैलेट एवं ईवीएम के माध्यम से मतगणना की प्रक्रिया समझाई गई। पोस्टल बैलेट की जांच, उनकी छंटनी तथा प्रारूप-3, प्रारूप-4 एवं प्रारूप-5 के संधारण संबंधी जानकारी दी गई। वहीं, ईवीएम की कंट्रोल यूनिट की सीलिंग, मतगणना अभिकर्ताओं की उपस्थिति में सील हटाने तथा मतगणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की मतगणना के दौरान प्राप्त मतों को मतपत्र लेखा के द्वितीय भाग में दर्ज करने की प्रक्रिया से भी कार्मिकों को अवगत करवाया गया। प्रशिक्षण में मतगणना से संबंधित सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपादित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर डीएलएमटी कैलाश कुमार माली एवं अनिल कुमार तथा बीएलएमटी कैलाश कुमार खत्री ने प्रशिक्षण प्रदान किया।
पंचायतीराज आम चुनाव-2026: मतगणना कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण
By -
November 17, 2026
0
Tags: