टोंक (लालचंद माली): पंचायत चुनाव-2026 में जिले से महिला नेतृत्व की अनूठी तस्वीर सामने आई है। पीपलू पंचायत समिति की दो अलग-अलग ग्राम पंचायतों में एक ही परिवार की मां और बेटी ने सरपंच पद पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। ग्राम पंचायत डारडा तुर्की से मां नन्दू देवी गुर्जर और ग्राम पंचायत छान से बेटी मनीषा संपत गुर्जर सरपंच निर्वाचित हुई हैं। ग्राम पंचायत छान में मनीषा गुर्जर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 617 मतों के बड़े अंतर से हराया, वहीं डारडा तुर्की में नन्दू देवी ने 108 मतों से जीत हासिल की। नन्दू देवी को 1030 और उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कमला देवी को 922 मत मिले। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय परिवार की नन्दू देवी पूर्व में पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं। उनके पति गिरिराज गुर्जर भाजपा नेता हैं। वहीं बेटी मनीषा गुर्जर बीए उत्तीर्ण हैं और उनके पति संपत महुवा पूर्व जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं। मनीषा का विवाह वर्ष 2015 में ग्राम पंचायत छान के महुवा गांव में हुआ था। विवाह के बाद उन्होंने ससुराल क्षेत्र को अपनी कर्मभूमि बनाया और पहली बार सरपंच चुनाव लड़कर बड़ी जीत हासिल की। एक ही परिवार की दो पीढ़ियों का अलग-अलग ग्राम पंचायतों में सरपंच बनना जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। मां-बेटी की इस ऐतिहासिक सफलता पर ग्रामीणों और समर्थकों में उत्साह है। अब दोनों के सामने अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों और जनसमस्याओं के समाधान की जिम्मेदारी होगी।
3/related/default