निवाई (लालचंद माली): ग्राम बरोनी से दादिया झोपड़ा जाने वाला सड़क मार्ग बदहाल स्थिति में पहुंच गया है। सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार शिकायतों और ज्ञापनों के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीण सुरज्ञान, देवनारायण, देवराज, रामअवतार, प्रेमलाल, सुवालाल, देवालाल और हंसराज सहित अन्य लोगों ने बताया कि ग्राम पंचायत बरोनी के अंतर्गत दादिया झोपड़ा गांव का संपर्क नेशनल हाईवे-52 से इसी मार्ग के जरिए है। इस मार्ग पर बनी सीसी सड़क पूरी तरह टूट चुकी है, जिससे आवागमन जोखिम भरा बन गया है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे और उखड़ी सतह के कारण वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार स्थानीय पंचायत और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं करवाई गई तो मजबूरन धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
दादिया झोपड़ा की टूटी सड़क बनी मुसीबत, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा: चेतावनी—अब होगा धरना प्रदर्शन
By -
July 06, 2026
0
Tags: