प्रथम प्रयास में नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर हर्षित कुमार बने रानीवाड़ा जीनगर समाज के पहले डॉक्टर, समाज में खुशी की लहर

AYUSH ANTIMA
By -
0



रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर रानीवाड़ा के हर्षित कुमार ने प्रथम प्रयास में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) उत्तीर्ण कर इतिहास रच दिया है। हर्षित कुमार रानीवाड़ा जीनगर समाज के पहले ऐसे युवा बने हैं, जिन्होंने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर डॉक्टर बनने का गौरव हासिल किया है। उनकी इस उल्लेखनीय सफलता से पूरे जीनगर समाज सहित क्षेत्र में खुशी और उत्साह का माहौल है। हर्षित कुमार की इस उपलब्धि को समाज के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। परिवारजनों ने बताया कि हर्षित शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और अनुशासित रहे हैं। उन्होंने नियमित अध्ययन, कठिन मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर प्रथम प्रयास में यह सफलता प्राप्त की। उनकी उपलब्धि से यह संदेश मिलता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता निश्चित रूप से मिलती है। हर्षित के डॉक्टर बनने पर समाज के वरिष्ठजनों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों ने कहा कि हर्षित की सफलता से समाज के अन्य विद्यार्थियों को भी चिकित्सा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई प्रेरणा मिलेगी। परिवार में भी खुशी का माहौल है। परिजनों ने इस सफलता का श्रेय हर्षित की अथक मेहनत, गुरुजनों के मार्गदर्शन तथा माता-पिता के निरंतर सहयोग और आशीर्वाद को दिया। शुभकामना देने वालों का घर पर तांता लगा रहा तथा समाज के लोगों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। हर्षित कुमार की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे रानीवाड़ा क्षेत्र और जीनगर समाज के लिए गर्व का विषय बन गई है। समाज के लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि हर्षित भविष्य में एक कुशल एवं संवेदनशील चिकित्सक बनकर मानव सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करेंगे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!