एलआईसी उत्तर क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज़

AYUSH ANTIMA
By -
0


कोटपूतली (ईशाक खान): भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की दो दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ गुरुवार को क्षेत्रीय प्रबंधक (मानव संसाधन) सुश्री वीना बिष्ट ने किया। उद्घाटन समारोह में मेजबान जयपुर प्रथम मण्डल के वरिष्ठ मण्डल प्रबंधक राजेश व्यास तथा जयपुर द्वितीय मण्डल के वरिष्ठ मण्डल प्रबंधक राम मनोहर आर्य सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभिन्न मण्डलों से आए खिलाड़ी उपस्थित रहे। उत्तर क्षेत्र के 17 मण्डलों के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में एथलेटिक्स, कैरम एवं शतरंज की विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। पहले दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबले प्रस्तुत किए। 100 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग) में रोहतक मण्डल के धर्मवीर ने 10.76 सेकंड का बेहतरीन समय निकालकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। गोविन्द राम द्वितीय तथा जय कंवर तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में रोहतक मण्डल की अंजू विजेता रहीं। 800 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग) में लुधियाना मण्डल के आकाश ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। धर्मेंद्र दूसरे तथा विकास तीसरे स्थान पर रहे।
शॉट पुट प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में सागर तथा महिला वर्ग में गुरमीत कौर ने स्वर्ण पदक जीता। त्रिकूद (ट्रिपल जंप) के पुरुष वर्ग में गुरमीत सिंह विजेता रहे, जबकि लंबी कूद में पुरुष वर्ग में सुधीर तथा महिला वर्ग में सपना रानी ने प्रथम स्थान हासिल किया। जैवलिन थ्रो के पुरुष वर्ग में जितेन्द्र सिंह प्रथम एवं जितेन्द्र गोस्वामी द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में ओलम्पियन गुरमीत कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान अपने नाम किया। कैरम प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में दिल्ली मण्डल के इरफान ने जयपुर मण्डल के सीताराम मीणा को 25-5, 25-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। जोधपुर मण्डल के जितेन्द्र पारीक ने चण्डीगढ़ मण्डल के कुलदीप कुमार को 25-2, 25-0 से हराया, जबकि महेश बदलानी ने भी अपने मुकाबले में जीत दर्ज कर अंतिम चार में स्थान सुनिश्चित किया। महिला कैरम वर्ग में अनिता बंगड़ी, निशा गुप्ता एवं गीता रानी ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमी फाइनल में जगह बनाई। शतरंज प्रतियोगिता में तीन राउंड की समाप्ति के बाद पुरुष वर्ग में कीर्ति शर्मा तीन अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर हैं, जबकि महिला वर्ग में ज्योति मेहरा भी तीन अंकों के साथ पहले स्थान पर बनी हुई हैं। प्रतियोगिता के शेष तीन राउंड शुक्रवार को खेले जाएंगे, जिनके बाद विजेताओं की घोषणा की जाएगी। प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को विभिन्न स्पर्धाओं के फाइनल मुकाबलों एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!