कोटपूतली (ईशाक खान): क्षेत्र के ग्राम बसई निवासी डॉ.मनोज जाट इन दिनों देश सेवा के साथ-साथ मानव सेवा की एक अनूठी मिशाल पेश कर रहे हैं। वर्तमान में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) के पद पर तैनात डॉ.मनोज पवित्र श्री अमरनाथ जी यात्रा के बाल टाल मार्ग पर स्थित डोमेल चिकित्सा शिविर में श्रद्धालूओं की जान बचाने और उन्हें राहत पहुँचाने के काम में जुटे हैं।
*24 घंटे मुस्तैद है एसएसबी का चिकित्सा दल*
बालटाल-डोमेल क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, जमा देने वाली ठंड और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद डॉ.मनोज जाट एसएसबी की मेडिकल टीम के साथ 24 घंटे श्रद्धालूओं की स्वास्थ्य सुरक्षा में तैनात हैं। इस शिविर में प्रतिदिन सैकड़ों यात्रियों को प्राथमिक उपचार, स्वास्थ्य परामर्श, जीवन रक्षक दवाईयाँ और आपातकालीन चिकित्सा सहायता दी जा रही है।
*ऊँचाई और मौसम जनित बीमारियों का तत्काल ईलाज*
अमरनाथ यात्रा के दौरान अत्यधिक ऊँचाई, ऑक्सीजन की कमी और भारी शारीरिक परिश्रम के कारण कई श्रद्धालू अस्वस्थ हो जाते हैं। डॉ.मनोज और उनकी टीम ऐसे मरीजों का तुरंत ईलाज करती है। गंभीर स्थिति होने पर मरीजों को तुरंत उच्च चिकित्सा केंद्रों के लिए रैफर भी किया जाता है। डॉ.मनोज जाट ने बताया कि श्रद्धालूओं को समय पर और बेहतर चिकित्सा सुविधा देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि सभी भक्त सुरक्षित रूप से बाबा बर्फानी के दर्शन कर सकें।
*संस्कारों में है सेवा, परिवार में हैं कई डॉक्टर्स*
डॉ.मनोज जाट एक प्रतिष्ठित संयुक्त परिवार से आते हैं। उनके पिता और ताऊजी लंबे समय से कृषि के साथ-साथ क्षेत्र में खाद-बीज के व्यवसाय से जुड़े हैं। परिवार में चिकित्सा और जनसेवा का एक विशेष माहौल है। बड़े भाई डॉ.संदीप चौधरी (जनरल सर्जरी विशेषज्ञ, जेएलएन मेडिकल कॉलेज, अजमेर), भाभी डॉ.निशिता चौधरी (स्त्री रोग विशेषज्ञ, मणिपाल हॉस्पिटल, जयपुर) हैं। परिवार से मिले संस्कारों और सेवा-भावना को आगे बढ़ाते हुये डॉ.मनोज जाट आज देश के सबसे दुर्गम और संवेदनशील ईलाकों में से एक में निःस्वार्थ भाव से देश और श्रद्धालूओं की सेवा कर गौरवान्वित कर रहे हैं।