खैरथल (अमित शर्मा): ग्राम पंचायत जिलाेता में तय आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सत्यवीर यादव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ तहसीलदार रामावतार मीणा, कानूनगो, पटवारी एवं ग्राम पंचायत के सरपंच सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने शिविर में आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सरकारी सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविरों का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर एसडीएम सत्यवीर यादव ने पौधारोपण भी किया तथा उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।
ग्रामीण सेवा शिविर का एसडीएम सत्यवीर यादव ने किया निरीक्षण, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
By -
July 24, 2026
0
Tags: