प्लॉट का झांसा, बातों में फंसाया और उड़ाई एक तोला सोने की नाक की बाली

AYUSH ANTIMA
By -
0


पीपलू (लालचंद माली): उपखंड के सोहेला कस्बे में प्लॉट दिखाने के बहाने एक महिला से करीब एक तोला सोने की नाक की बाली ठगकर ले जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिन दहाड़े हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर बरौनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए अज्ञात ठग की तलाश शुरू कर दी है। पीड़िता माना गुजरी ने बताया कि वह सोहेला कस्बे में सब्जी बेचने का काम करती है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे एक युवक मोटरसाइकिल से उसकी दुकान पर पहुंचा और प्लॉट खरीदने की इच्छा जताई। महिला के सहमत होने पर युवक उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर कथित प्लॉट दिखाने ले गया। वहां दोनों के बीच करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। इसके बाद युवक महिला को वापस उसकी दुकान पर लेकर आया और बातों में उलझाकर किसी बहाने उसकी नाक से सोने की बाली उतरवा ली। मौका मिलते ही वह करीब एक तोला वजनी सोने की बाली लेकर फरार हो गया। कुछ देर बाद महिला को ठगी का एहसास हुआ तो उसने परिजनों और बरौनी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बरौनी थाना के सहायक उप निरीक्षक जावेद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर अज्ञात ठग की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर अपने कीमती आभूषण या सामान किसी को न सौंपें।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!