श्रीडूंगरगढ़/बीकानेर (मुकेश रामावत): ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में स्टाफ संकट गहराता जा रहा है। बुधवार को डेलवा गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी से परेशान छात्रों ने जमकर विरोध जताया। 250 से अधिक छात्र-छात्राओं वाले इस स्कूल में वर्तमान में सिर्फ 4 शिक्षक ही उपलब्ध हैं। पढ़ाई बाधित होने से नाराज छात्रों ने सुबह स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया और करीब 4 घंटे तक बाहर बैठकर नारेबाजी की। प्रधानाचार्य नरेंद्र चाहर ने बताया कि स्कूल में 15 पद स्वीकृत हैं। हाल ही में 3 शिक्षकों का तबादला और 1 का प्रमोशन हो गया। वर्तमान में 3 तृतीय श्रेणी शिक्षक ही बचे हैं। स्कूल में एक भी व्याख्याता और वरिष्ठ अध्यापक का पद खाली पड़ा है। मामले की सूचना पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज वीर पूनियां मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की समझाइश के बाद छात्र माने। पूनियां ने तुरंत 2 व्याख्याता स्कूल को उपलब्ध कराए और 3 शिक्षक जल्द भेजने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने पहले भी विधायक और ग्राम सेवा शिविर में एसडीएम को ज्ञापन देकर स्टाफ बढ़ाने की मांग की थी। छात्रों ने भी अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। यह विद्यालय 2022-23 में उच्च माध्यमिक में क्रमोन्नत हुआ था। लेकिन पदों के सृजन के बाद भी नियुक्तियां नहीं होने से व्यवस्था चरमरा गई है। अभिभावकों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
डेलवा राउमावि में शिक्षकों की भारी कमी: छात्रों का फूटा गुस्सा, गेट पर ताला लगाकर किया प्रदर्शन
By -
July 22, 2026
0
Tags: