रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): निकटवर्ती ग्राम मारूवाड़ा में भारतीय रिजर्व बैंक के तत्वावधान एवं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) द्वारा संचालित मनीवाइज वित्तीय साक्षरता केंद्र (क्रिसिल फाउंडेशन) की ओर से वित्तीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य श्रमिकों एवं ग्रामीणों को आर्थिक नियोजन, सुरक्षित बैंकिंग, साइबर धोखाधड़ी, मनी म्यूल और री-केवाईसी के प्रति जागरूक करना रहा। वित्तीय साक्षरता केंद्र के प्रबंधक भंवर लाल ने सांप-सीढ़ी गेम के माध्यम से सरल एवं रोचक तरीके से आर्थिक नियोजन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए आवश्यक, अनावश्यक एवं अनियोजित खर्चों की पहचान कर मासिक आय-व्यय की योजना बनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने साइबर सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम या यूपीआई पिन, सीवीवी तथा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों से होने वाली धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए गए। भंवर लाल ने मनी म्यूल से जुड़े जोखिमों की जानकारी देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति पैसों के लालच में अपना बैंक खाता किसी अन्य को उपयोग के लिए न दे, अन्यथा वह अवैध गतिविधियों में फंस सकता है। उन्होंने जनधन खाताधारकों से समय पर री-केवाईसी कराने की अपील की। शिविर में सुकन्या समृद्धि योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि जन्म से 10 वर्ष तक की दो बालिकाओं के नाम पर न्यूनतम ₹250 वार्षिक जमा से खाता खोला जा सकता है, जिससे उनकी उच्च शिक्षा एवं विवाह के लिए भविष्य में आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित होती है, साथ ही डिजिटल बैंकिंग एवं सरकारी वित्तीय योजनाओं की भी जानकारी दी गई। कनिष्ठ सहायक मावाराम ने सभी पात्र लोगों से सरकार की विभिन्न वित्तीय योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर में मेट कृष्ण देवासी, रतनाराम, चेतन कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
सांप-सीढ़ी गेम से श्रमिकों को सिखाया आर्थिक नियोजन, साइबर सुरक्षा का भी दिया संदेश*
By -
July 20, 2026
0
Tags: