जयपुर (श्रीराम इंदौरिया): होंडा इंडिया फाउंडेशन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट प्रगति के अंतर्गत जयपुर में जीडीए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण जयपुर स्थित जेईई हॉस्पिटल में संचालित हो रहा है। इसी क्रम में आज जेईई हॉस्पिटल की टीम के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे 32 प्रशिक्षुओं ने पुष्पा होंडा, मानसरोवर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस अवसर पर पुष्पा होंडा के सुरक्षा प्रतिनिधि अमित सिंह एवं मैनेजर विष्णु तिवारी ने सभी प्रशिक्षुओं को सड़क सुरक्षा, दुर्घटना से बचाव तथा वाहन चलाते समय अपनाई जाने वाली आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
प्रशिक्षुओं को बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय सही आकार और मानक वाला हेलमेट पहनना अत्यंत आवश्यक है। हेलमेट की पट्टी ठीक प्रकार से बांधने, यातायात संकेतों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की सलाह दी गई। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षुओं को सुरक्षित दूरी बनाए रखने, अचानक ब्रेक लगाने से बचने, वाहन मोड़ते समय इंडिकेटर देने, रात्रि के समय उचित रोशनी का प्रयोग करने तथा शराब या नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन नहीं चलाने के प्रति जागरूक किया गया। वाहन चलाने से पहले ब्रेक, टायर, लाइट, हॉर्न और अन्य आवश्यक उपकरणों की नियमित जांच करने के महत्व को भी समझाया गया। प्रशिक्षुओं ने पुष्पा होंडा शोरूम की कार्यप्रणाली, वाहन बिक्री, ग्राहक सेवा और दैनिक संचालन से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने शोरूम के विभिन्न विभागों का अवलोकन किया तथा कर्मचारियों से संवाद कर वाहन व्यवसाय और ग्राहक प्रबंधन की प्रक्रिया को समझा।
भ्रमण के दौरान प्रशिक्षुओं ने शोरूम में उपस्थित ग्राहकों से भी बातचीत की और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ग्राहकों से वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने तथा स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
यह शैक्षणिक भ्रमण प्रशिक्षुओं के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशिक्षण के साथ-साथ युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, ग्राहक सेवा, व्यावहारिक कार्यप्रणाली और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना था।