निवाई (लालचंद माली): प्रशासनिक फेरबदल के तहत राज्य सरकार ने निवाई तहसील में नई तहसीलदार की नियुक्ति करते हुए सृष्टि जैन को जिम्मेदारी सौंपी है, जबकि वर्तमान तहसीलदार नरेश गुर्जर का स्थानांतरण टोंक कर दिया गया है। आदेश जारी होने के साथ ही तहसील कार्यालय में नए प्रशासनिक नेतृत्व को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। तहसीलदार का बदलना प्रशासनिक प्रक्रिया का नियमित हिस्सा है, लेकिन आमजन की अपेक्षाएं हमेशा एक जैसी रहती हैं। राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण, नामांतरण और सीमांकन की लंबित फाइलों में तेजी, भूमि रिकॉर्ड संबंधी समस्याओं का समाधान तथा जनसुनवाई में संवेदनशीलता। ऐसे में नई तहसीलदार सृष्टि जैन के सामने सबसे बड़ी चुनौती व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाना होगी। तहसील कार्यालय से जुड़े भूमि रिकॉर्ड, नामांतरण, सीमांकन और अन्य राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के साथ-साथ आमजन को अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाने की उम्मीद की जा रही है। लोगों की नजर इस बात पर भी रहेगी कि क्या लंबित मामलों का बोझ कम होगा और कार्यालय की कार्यशैली में वास्तविक बदलाव दिखाई देगा या फिर केवल अधिकारी बदलेंगे और व्यवस्था पहले जैसी ही बनी रहेगी। अब देखना यह होगा कि नई तहसीलदार के नेतृत्व में निवाई तहसील प्रशासन जनता की उम्मीदों पर कितना खरा उतरता है क्योंकि जनता के लिए सबसे बड़ा बदलाव नाम नहीं, बल्कि समय पर होने वाला काम होता है।
कुर्सी बदली, क्या बदलेगा सिस्टम: निवाई को मिली नई तहसीलदार, अब जनता को काम की दरकार
By -
July 13, 2026
0
Tags: