निवाई (लालचंद माली): शहर के बीचों-बीच स्थित पुराने नगर पालिका भवन को तोड़े जाने के बाद जिस स्थान पर आधुनिक बस स्टैंड बनने की चर्चाएं और उम्मीदें जोर पकड़ रही थीं, वहां अब केवल सीसी रोड का निर्माण किया जा रहा है। सड़क बनने से अस्पताल आने वाले मरीजों और राहगीरों को राहत जरूर मिलेगी, लेकिन निवाई की वर्षों पुरानी आधुनिक बस स्टैंड की मांग एक बार फिर अधर में लटकती नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुरानी नगर पालिका का भवन केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं था, बल्कि निवाई की राजनीतिक पहचान का प्रतीक था। इस भवन के हटने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि शहर को एक ऐसा आधुनिक बस स्टैंड मिलेगा, जो बढ़ती आबादी और यात्रियों की जरूरतों को पूरा करेगा। मगर अब सड़क निर्माण को देखकर लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि कहीं बस स्टैंड का सपना सिर्फ घोषणाओं तक ही सीमित तो नहीं रह जाएगा। हालांकि, सीसी रोड बनने से राजकीय उप जिला चिकित्सालय के सामने वर्षों से बनी सबसे बड़ी समस्या का समाधान होता दिखाई दे रहा है। अस्पताल के बाहर जाम, धूल, कीचड़ और अव्यवस्थित आवागमन से मरीजों, एम्बुलेंस और परिजनों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती थी। पक्की सड़क बनने से अस्पताल तक पहुंच आसान होगी और बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात भी अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है लेकिन शहर में सबसे बड़ा सवाल अब भी कायम है—क्या निवाई को केवल सड़क चाहिए या भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक बस स्टैंड भी। चाय की थड़ियों से लेकर बाजार तक एक ही चर्चा सुनाई दे रही है कि यदि सरकार और प्रशासन ने बस स्टैंड निर्माण को लेकर आदेश जारी किए थे, तो फिर उस दिशा में ठोस काम क्यों दिखाई नहीं दे रहा। क्या यह परियोजना ठंडे बस्ते में डाल दी गई है या फिर जनता को सिर्फ अस्थायी राहत देकर मूल मांग को टालने की कोशिश की जा रही है। राहत की यह सड़क स्वागत योग्य है, लेकिन निवाई की जनता अब केवल सीसी रोड नहीं, बल्कि आधुनिक बस स्टैंड के उस वादे का भी जवाब चाहती है, जिसका इंतजार वर्षों से किया जा रहा है। जनता की नजर अब इस बात पर टिकी है कि जिम्मेदार केवल सड़क बनाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मानते हैं या फिर शहर को उसकी जरूरत के अनुरूप आधुनिक बस स्टैंड की सौगात भी देते हैं।
बस स्टैंड का सपना फिर अधूरा! जनता को टर्मिनल नहीं, सिर्फ सीसी रोड का 'लॉलीपॉप
By -
July 13, 2026
0
Tags: