दौसा (गोवर्धन लाल वर्मा): जनता के काफी परेशान होने और खबर के माध्यम से हालात उजागर होने के बाद आखिरकार जिला प्रशासन हरकत में आया। दौसा से नांगल बैरसी को जोड़ने वाली जर्जर मुख्य सड़क पर अब मरम्मत का काम शुरू हो गया है। पिछले दिनों आयुष अन्तिमा में प्रकाशित खबर में बताया गया था कि मानसून से पहले ही यह सड़क गड्ढों में तब्दील हो चुकी थी। सड़क से गिट्टी उखड़ने से 2 से 6 इंच तक के गड्ढे बन गए थे। वाहन चालकों और ग्रामीणों ने बताया था कि इस रास्ते पर टू-व्हीलर चलाना जान जोखिम में डालने जैसा है और रोजाना टायर-ट्यूब का खर्च बढ़ रहा है। खबर में प्रशासन की उदासीनता पर सवाल भी उठाए गए थे।
*खबर के कुछ दिनों में अब शुरू हुआ मरम्मत कार्य*
खबर प्रकाशित होने के कुछ दिनों बाद पीडब्ल्यूडी विभाग ने तुरंत संज्ञान लिया और नांगल बैरसी मार्ग पर मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया। मौके पर जेसीबी मशीन से गड्ढों को भरने और सड़क को समतल करने का काम चल रहा है। सड़क पर मिट्टी-गिट्टी डालकर गड्ढे भरे जा रहे है। पिछले दिनों आयुष अंतिमा (हिन्दी समाचार-पत्र) ने खबर प्रकाशित कर जर्जर सड़क का मुद्दा उठाया था। खबर के कुछ दिनों बाद ही अब काम शुरू होने से रोजाना आने-जाने वाले सैकड़ों वाहन चालकों और ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। गांव के लोगों ने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब हो गई थी कि एंबुलेंस और स्कूल बसें भी आने से मना कर देती थीं। अब काम शुरू हुआ है तो उम्मीद है मानसून से पहले सड़क ठीक हो जाएगी।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022-23 के बजट में NH-21 से नांगल बैरसी मालपुरिया तक बनी इस सड़क का रख-रखाव 5 साल के लिए तय था। वर्ष 2023 में बनी सड़क दो साल में ही उखड़ गई थी। अब ग्रामीणों की मांग है कि केवल मोरम डालने से सड़क ठीक नही होगी, मोरम तो बारिश में बह जाएगी और फिर से गड्ढे हो जाएगे। इसलिए डामरीकरण किया जाए ताकि कुछ महीनों में ही सड़क फिर से खराब न हो।