दौसा (गोवर्धन लाल वर्मा): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित दौसा रेलवे स्टेशन का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उद्घाटन किया। इस अवसर पर दौसा रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रेलवे, सड़क, कृषि, ऊर्जा और आधारभूत संरचना सहित विकास के सभी क्षेत्रों में तेज गति से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से देशभर के रेलवे स्टेशनों का आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप पुनर्विकास किया जा रहा है। दौसा रेलवे स्टेशन भी इस परिवर्तन का सशक्त उदाहरण है। जहां यात्रियों के लिए बेहतर और आधुनिक सुविधाएं विकसित कर स्टेशन को नया स्वरूप प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे में विद्युतीकरण के विस्तार से रेल संचालन अधिक तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल हुआ है। ब्रॉडगेज रेलमार्गों पर विद्युत चालित ट्रेनों के संचालन से प्रदूषण में कमी आई है वहीं ऊर्जा दक्षता भी बढ़ी है। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में देशभर में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं एक्सप्रेस-वे का व्यापक नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। विद्युत उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने से निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हुई है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से 80 करोड़ से अधिक लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत घर-घर शौचालय निर्माण से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को नई मजबूती मिली है, वहीं कृषि एवं ग्रामीण विकास विभाग मंत्री डॉ.किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि पिछले वर्षों में दौसा जिले में आधारभूत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के निर्माण से देश की राजधानी तक की यात्रा का समय काफी कम हुआ है। उन्होंने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण के साथ दौसा स्टेशन पर यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध ध धतकराई गई हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से ईआरसीपी परियोजना के माध्यम से चंबल का पानी दौसा तक पहुंचाने का सपना भी साकार होगा। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद मदन राठौड़, दौसा सांसद मुरारी लाल मीणा, दौसा विधायक डीसी बैरवा, लालसोट विधायक रामबिलास मीणा, सिकराय विधायक विक्रम बंशीवाल, महवा विधायक राजेंद्र मीणा, पूर्व सांसद जसकौर मीणा, पूर्व सांसद रामकुमार वर्मा, पूर्व विधायक कन्हैया लाल मीणा, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा, मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन, जिला कलक्टर डॉ.सौम्या झा, जिला पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित, जिलाध्यक्ष लक्ष्मी रेला सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
*15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ दौसा रेलवे स्टेशन*
उल्लेखनीय है कि लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित दौसा रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। स्टेशन के पुनर्विकास के तहत यात्रियों की सुविधा के लिए सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, आधुनिक प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज एवं लिफ्ट, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, डिजिटल सूचना प्रणाली तथा अन्य यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं।