कागमाला बालिका विद्यालय में खेल मैदान का उद्घाटन, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

AYUSH ANTIMA
By -
0


रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय कागमाला में छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नव आवंटित खेल मैदान का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में खेल मैदान का विधिवत उद्घाटन किया गया तथा परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य नारायण जीनगर ने बताया कि स्थानीय प्रशासक महेंद्र सिंह देवल के विशेष प्रयासों से लगभग पांच बीघा भूमि बालिका विद्यालय के खेलमैदान के लिए आवंटित करवाई गई। लंबे समय से विद्यालय में खेल मैदान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। अब इस भूमि के उपलब्ध होने से छात्राओं को विभिन्न खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा तथा वे जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगी। नवनिर्मित खेल मैदान का उद्घाटन पूर्व विधायक नारायण सिंह देवल (रानीवाड़ा), पूर्व जिला प्रमुख राजेश राणा तथा उपखंड अधिकारी सुनील कुमार (रानीवाड़ा) ने फीता काटकर किया। अतिथियों ने खेलमैदान का अवलोकन करते हुए विद्यालय प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने छात्राओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उद्घाटन के उपरांत 'हरियालो राजस्थान' अभियान के तहत खेलमैदान परिसर में 50 पौधों का पौधारोपण किया गया। अतिथियों एवं विद्यालय स्टाफ ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनकी देखभाल करनी चाहिए। कार्यक्रम में पीईईओ शैलेष दवे, आरआई जबरदान चारण, खंड साक्षरता अधिकारी दीप सिंह देवल, प्रताप सिंह देवल, नेपाल सिंह देवल, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष मंगलसिंह, पदमाराम प्रजापत, पाबू सिंह सोलंकी, चुनाराम राणा, भरत कुमार, अध्यापक नरेश पंवार, चेनाराम, महेंद्र, सीता शर्मा, दुर्जन सिंह, अजीत सिंह, अशोक सैनी सहित विद्यालय स्टाफ, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित लोगों ने आशा जताई कि नए खेल मैदान के निर्माण से विद्यालय में खेल गतिविधियों को नई गति मिलेगी और छात्राएं खेलों के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!