आमजन कि समस्याओं का करें त्वरित निस्तारण: सांसद लुम्बाराम चौधरी

AYUSH ANTIMA
By -
0



रानीवाड़ा/जालौर (महेन्द्र देवासी): जालोर-सिरोही सांसद लुंबाराम चौधरी की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न हुई। बैठक में सांसद लुम्बाराम चौधरी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे आमजन कि समस्याओं का त्वरित निस्तारण करें एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाएँ। उन्होंने डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता से जिले के किसानों के लिए संचालित पीएम कुसुम योजना, आरडीएसएस योजना की प्रगति के बारे में जानकारी लेते हुए किसानों एवं ज़िलें के सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्बाध रूप से बिजली पहुंचाने की बात कही। बैठक में उन्होंने जिले में प्रगतिरत सड़क मरम्मत के कार्यों को प्राथमिता से पूर्ण करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पीएमजीएसवाई निर्माणरत सड़क कार्यों की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत अवैध कनेक्शनों को चिन्हित करते हुए कटवाने तथा मूल कनेक्शनों से पाईप लाईन में छेड़खानी करने वालों के विरूद्ध कानूनी कार्यवाही करने की बात कही। बैठक में उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, जननी सुरक्षा योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, आरजीएचएस के संबंध में जानकारी लेते हुए जिले में आंगनवाड़ी केन्द्रों के नवीन भवनों के प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जर्जर भवनों में किसी भी परिस्थिति में शैक्षणिक गतिविधि नहीं करवाने के निर्देश देते हुए विभागीय योजनाओं की समीक्षा की।
सांसद ने जिले में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यों यथा-जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण व शहरी, प्रधानमंत्री धन धान्य योजना, वीबी-जीरामजी, प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना, स्वामित्व योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, अमृत 2.0, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, मिड-डे मील, समग्र शिक्षा अभियान, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, पालनहार योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आदि की प्रगति की जानकारी लेते हुए इन योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक जिले के नागरिकों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने नगर परिषद् के अधिकारियों को जालोर शहर की सीवरेज समस्या का तुरंत प्रभाव से समाधान करने की बात कही। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन योजना के तहत हर घर जल पहुँचाने के साथ ही उन्होनें जिले में अभियान चलाकर अवैध कनेक्शन काटे जाने एवं टेलएण्ड तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होनें उपखण्ड स्तर पर उपखण्ड अधिकारी की अध्यक्षता में पीएचईडी तथा प्रोजेक्ट के अधिकारियों को सम्मिलित करते हुए टास्क फॉर्स को गठन कर पुलिस के सहयोग से अवैध कनेक्शन धारियों के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही भूजल स्तर सुधार के लिए जवांई तथा इसकी सहायक नदियों पर सबसरफेस एनिकट निर्माण करने की बात कही। उन्होने 15 अगस्त तक शहर की सड़कों की मरम्मत करने तथा सुंदेलाव तालाब में ऑवरफ्लो नहर निर्माण कार्य पूर्ण करने की बात कहीं। डिस्कॉम के अधिकारियों को अधिकारिक मोबाईल नम्बर 24 घंटे चालू रखने एवं आमजन की समस्यों को सुनकर समाधान करने के निर्देश दिए। बैठक में आहोर विधायक छगन सिंह राजपुरोहित, भीनमाल विधायक डॉ.समरजीत सिंह, रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी ने भी जनसमस्यों के विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए निस्तारण करने की बात कहीं। इस दौरान जिला कलक्टर डॉ.प्रदीप के. गावंडे, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकार नंदकिशोर राजोरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कैलाश विश्नोई, उप वन संरक्षक जयदेव सिंह चारण, दिशा समिति की सदस्या डॉ.मंजु मेघवाल, चिरंजीलाल दवे, रमेश राणा, खेमराज देसाई सहित दिशा समिति के सदस्य व अधिकारी-कार्मिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!